प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शनिवार को उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जेवर में देश की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे।यह एयरपोर्ट राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के लिए एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय गेटवे के रूप में तैयार किया गया है। एयरपोर्ट के संचालन शुरू होने के बाद उत्तरप्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन जाएगा, जहां 5 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे होंगे। इससे राज्य की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और निवेश के नए अवसर भी बढ़ेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी सुबह करीब 11:30 बजे जेवर पहुंचेंगे
यह एयरपोर्ट इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाद दिल्ली-NCR का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा। दोनों एयरपोर्ट मिलकर एक इंटीग्रेटेड एविएशन सिस्टम के रूप में काम करेंगे, जिससे बढ़ते हवाई यातायात का दबाव कम होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे दिल्ली-NCR को वैश्विक एविएशन हब बनाने में भी मदद मिलेगी।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी सुबह करीब 11:30 बजे जेवर पहुंचेंगे। यहां वे सबसे पहले नए टर्मिनल भवन का निरीक्षण करेंगे और अत्याधुनिक सुविधाओं का जायजा लेंगे। इसके बाद दोपहर 12:00 बजे एयरपोर्ट के फेज-I का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
₹11,200 करोड़ की लागत से तैयार, PPP मॉडल पर आधारित
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट भारत के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में शामिल है। इसके पहले चरण का निर्माण करीब ₹11,200 करोड़ की लागत से पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर किया गया है, जबकि पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत ₹29,560 करोड़ है।सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पहले चरण में ₹6,876 करोड़ कंसेशनायर द्वारा और ₹4,406 करोड़ राज्य सरकार द्वारा भूमि अधिग्रहण पर खर्च किए गए हैं। शुरुआती चरण में यह एयरपोर्ट सालाना 1.2 करोड़ (12 मिलियन) यात्रियों को संभालने की क्षमता रखेगा, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 7 करोड़ (70 मिलियन) यात्रियों तक किया जा सकेगा।
वर्ल्ड-क्लास सुविधाएं और आधुनिक तकनीक
एयरपोर्ट में 3,900 मीटर लंबा रनवे बनाया गया है, जो बड़े विमानों के टेकऑफ और लैंडिंग के लिए उपयुक्त है। इसके अलावा इसमें इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) और एडवांस्ड एयरफील्ड लाइटिंग जैसी आधुनिक तकनीकें लगाई गई हैं, जिससे हर मौसम में 24 घंटे संचालन संभव होगा।नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एक बड़े कार्गो हब के रूप में भी विकसित किया जा रहा है। यहां मल्टी-मोडल कार्गो सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे माल परिवहन तेज और सुगम होगा।यमुना एक्सप्रेस-वे के किनारे स्थित यह एयरपोर्ट एक मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां सड़क, रेल, मेट्रो और क्षेत्रीय ट्रांजिट सिस्टम को आपस में जोड़ा जाएगा।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक प्रतिबंध
उद्घाटन कार्यक्रम के चलते नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर पूरे दिन भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों (ट्रक, ट्रॉली आदि) की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे इमरजेंसी वाहनों को छूट दी जाएगी।नोएडा ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 28 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक कई मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। ऐसे में यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर जांच लें।