ग्वालियर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये देने के निर्देश दिए हैं।
4-4 लाख रुपए की सहायता राशि का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। सीएम ने एक्स पर लिखा, ‘ग्वालियर के थाटीपुर में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत दुखद है। दिवंगतों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपए प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। परमपिता परमात्मा से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना है।’
ग्वालियर में भीषण सड़क हादसा
शीतला माता के दर्शन करके लौट रहे एक ही परिवार के पांच सदस्यों की कार और ऑटो की टक्कर में मौत हो गई। घटना थाठीपुर थाना क्षेत्र के परशुराम चौराहे के पास हुई। ऑटो में चालक सहित कुल 9 लोग सवार थे। तेज रफ्तार कार से टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।