मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (ESB) ने पुलिस मुख्यालय के अंतर्गत सूबेदार एवं उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 के द्वितीय चरण की मुख्य परीक्षा की तिथि में बदलाव कर दिया है। अब यह परीक्षा 26 अप्रैल 2025 को आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थी 8 अप्रैल तक ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे। ESB ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। पहले यह परीक्षा 9 अप्रैल 2025 को प्रस्तावित थी। आवेदन की अंतिम तिथि 30 मार्च 2025 निर्धारित की गई थी।
अभ्यर्थियों की मांग पर बढ़ाई गई परीक्षा की तारीख
अभ्यर्थियों ने तैयारी के लिए पर्याप्त समय न मिलने की वजह से परीक्षा की तिथि बढ़ाने की मांग की थी। इसे ध्यान में रखते हुए परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाई गई और परीक्षा शुल्क जमा करने की समय-सीमा भी बढ़ा दी गई, ताकि अभ्यर्थी आसानी से प्रक्रिया पूरी कर सकें।
सफल अभ्यर्थी ही द्वितीय चरण में शामिल होंगे
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस भर्ती प्रक्रिया में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जो प्रथम चरण की लिखित परीक्षा में सफल घोषित किए गए हैं। सफल अभ्यर्थी ही शुल्क जमा करेंगे और तभी द्वितीय मुख्य परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
प्रथम चरण का परिणाम 12 मार्च 2025 को जारी किया गया था, जबकि परीक्षा 16 से 21 जनवरी 2025 के बीच आयोजित हुई थी। इसके आधार पर कुल 5734 अभ्यर्थियों को द्वितीय चरण के लिए पात्र घोषित किया गया है।