पर्यटन नगरी रामनगर में नियमों को ताक पर रखकर कारोबार कर रहे होटल और रिसॉर्ट संचालकों पर अब प्रशासन की सख्त नजर पड़ चुकी है। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में ढिकुली क्षेत्र में प्रशासन ने संयुक्त टीम के साथ बड़ा जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई से होटल कारोबारियों में हड़कंप मच गया। कई जगह गंभीर खामियां मिलने पर मौके पर ही चालानी कार्रवाई और नोटिस जारी किए गए।
फूड सेफ्टी की जांच
रामनगर के ढिकुली क्षेत्र में एसडीएम गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रशासन की संयुक्त टीम ने होटलों और रिसॉर्ट्स पर अचानक छापामार जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई में पर्यटन विभाग फायर विभाग फूड सेफ्टी विभाग जीएसटी विभाग राजस्व विभाग और पुलिस विभाग की टीमें शामिल रहीं। टीम ने होटलों में दस्तावेजों की वैधता फायर सेफ्टी इंतजाम फूड सेफ्टी मानक पुलिस वेरिफिकेशन और अन्य जरूरी नियमों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान कई होटल और रिसॉर्ट नियमों की अनदेखी करते पाए गए। जांच में नदिया पड़ाव होटल सभी मानकों पर खरा उतरा जहां दस्तावेज और व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। वहीं कंट्री इन होटल में पुलिस वेरिफिकेशन और पर्यटन विभाग के कुछ जरूरी नियम अधूरे मिलने पर प्रशासन ने तुरंत चालानी कार्रवाई की। सबसे ज्यादा लापरवाही चिरईया रिसोर्ट में सामने आई जहां पॉल्यूशन फूड सेफ्टी फायर सेफ्टी पुलिस वेरिफिकेशन जीएसटी और एसटीपी जैसे कई अनिवार्य मानकों की अनदेखी पाई गई। गंभीर खामियां मिलने के बाद संबंधित विभागों ने रिसोर्ट प्रबंधन को नोटिस जारी करते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी।
एसडीएम गोपाल सिंह चौहान ने साफ चेतावनी दी है कि नोटिस में तय समय के भीतर सभी कमियों को दूर करना अनिवार्य होगा। यदि ऐसा नहीं किया गया तो संबंधित होटल और रिसोर्ट के खिलाफ कड़ी और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का साफ संदेश है कि पर्यटन नगरी रामनगर में नियमों से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
Comments (0)