हरिद्वार के रिज़र्व फॉरेस्ट क्षेत्र में स्थित सुरेश्वरी देवी मंदिर में हो रही एक वीआईपी शादी अब विवादों में घिर गई है। मामला तब सुर्खियों में आया जब वन्यजीव संरक्षण से जुड़े कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र के नियमों का उल्लंघन कर यहां बड़े स्तर पर शादी की तैयारियां की जा रही थीं।
शादी के लिए शामियाना
जानकारी के अनुसार कैबिनेट मंत्री खजान दास के बेटे अनुज की शादी मंदिर परिसर में आयोजित की जा रही है। शादी के लिए यहां बड़ा शामियाना और अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं जिस पर सवाल उठने लगे। इसके बाद मामला राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन तक पहुंचा और फॉरेस्ट एक्टिविस्ट की शिकायत के आधार पर मंदिर समिति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया।
विवाद बढ़ने के बाद शादी के कार्यक्रम को सीमित कर दिया गया है। अब तय किया गया है कि मंदिर परिसर में केवल धार्मिक रस्मों के तहत फेरे ही संपन्न कराए जाएंगे और बाकी आयोजन सीमित दायरे में होगा।
खजान दास ने दी सफाई
इस बीच कैबिनेट मंत्री खजान दास ने सफाई देते हुए कहा कि मंदिर परिसर में कार्यक्रम के लिए पहले ही मंदिर समिति से अनुमति और पार्क प्रशासन से सहमति ली गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि नियमों का पूरा पालन करते हुए ही आयोजन किया जा रहा है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और वन विभाग यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि संरक्षित क्षेत्र के नियमों का किसी भी स्तर पर उल्लंघन न हो।