राजधानी लखनऊ समेत पूरे उत्तरप्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए यूपीपीसीएल (उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड) ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। यूपीपीसीएल ने अपनी सभी ऑनलाइन सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है। यह सेवाएं 16 घंटे तक बाधित रहेंगी, जिससे प्रदेशभर के लाखों उपभोक्ताओं पर असर पड़ेगा।
कब तक रहेंगी सेवाएं बंद
यूपीपीसीएल की ओर से बताया गया है कि शाम 5 बजे से शुरू होकर 4 अप्रैल सुबह 9 बजे तक रहेगी। इस दौरान उपभोक्ता पोर्टल, मोबाइल ऐप और अन्य सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म काम नहीं करेंगे। उपभोक्ता इस समय किसी भी प्रकार का ऑनलाइन लेन-देन या सेवा का उपयोग नहीं कर पाएंगे।
मेंटेनेंस और अपग्रेडेशन का कार्य
यूपीपीसीएल ने स्पष्ट किया है कि यह कदम सिस्टम मेंटेनेंस और तकनीकी कंफिगरेशन कार्यों के चलते उठाया गया है। इसका उद्देश्य सेवाओं को और अधिक सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद बनाना है। अधिकारियों के अनुसार, इस अपग्रेडेशन से भविष्य में उपभोक्ताओं को बेहतर डिजिटल अनुभव मिलेगा।
कौन-कौन सी सेवाएं होंगी प्रभावित
इस दौरान यूपीपीसीएल की सभी प्रमुख डिजिटल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इनमें उपभोक्ता पोर्टल, यूपीपीसीएल कंज्यूमर एप और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म शामिल हैं। उपभोक्ता इस समय न तो बिजली बिल का भुगतान कर सकेंगे और न ही नई सेवाओं के लिए आवेदन कर पाएंगे। शिकायत दर्ज करना, बिल डाउनलोड करना और अन्य ऑनलाइन सुविधाएं भी पूरी तरह ठप रहेंगी।
ऑनलाइन और ऑफलाइन भुगतान भी बंद
यूपीपीसीएल ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान न केवल ऑनलाइन बल्कि ऑफलाइन माध्यम से भी बिजली बिल का भुगतान नहीं किया जा सकेगा। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं की बिल जमा करने की अंतिम तिथि नजदीक है, उन्हें विशेष ध्यान रखना होगा।
उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सलाह
यूपीपीसीएल ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस अवधि से पहले अपने आवश्यक कार्य, जैसे बिजली बिल भुगतान, निपटा लें। साथ ही सलाह दी गई है कि सेवाएं बहाल होने के बाद ही किसी प्रकार का ऑनलाइन लेन-देन करें और किसी अफवाह पर ध्यान न दें।