मध्यप्रदेश में गुरुवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर तेज धूप रहने के बाद शाम होते ही कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर शुरू हो गया। भोपाल और सीहोर में तेज हवाओं ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। राजधानी भोपाल के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं, सीहोर में तेज आंधी के चलते शहर अंधेरे में डूब गया और बारिश भी हुई।
सागर में बूंदाबांदी, धार में ओलावृष्टि
भोपाल के साथ-साथ अन्य जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिला। सागर में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। धार जिले के कुक्षी क्षेत्र में ओले गिरे।
इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए गुना, इंदौर, भिंड, बैतूल, धार, बड़वानी और आलीराजपुर में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा खरगोन, सागर, राजगढ़, विदिशा, छिंदवाड़ा, अशोकनगर, झाबुआ और देवास में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
MP में मौसम बदलने की वजह
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ सिस्टम सक्रिय हैं। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में दो अन्य सिस्टम बनने से आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं।
9 जिलों में ओले, 33 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार, 3 अप्रैल को 9 जिलों में ओलावृष्टि और 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। ओलावृष्टि वाले जिलों में आलीराजपुर, बड़वानी, धार, खरगोन, खंडवा, नरसिंहपुर, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा और सिवनी शामिल हैं, जहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।वहीं इंदौर, भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, आगर-मालवा, शाजापुर, राजगढ़, देवास, गुना, अशोकनगर, विदिशा, सीहोर, हरदा, बैतूल, रायसेन, सागर, निवाड़ी, नर्मदापुरम, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडोरी, अनूपपुर, मंडला और बालाघाट में तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है।