पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच आज गुरुवार को इंटर मिनिस्ट्रियल कमेटी की अहम बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता रक्षामंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। बैठक शाम 5 बजे कर्तव्य भवन में होगी।
LPG और उर्वरक आपूर्ति पर रहेगा फोकस
बैठक में एलपीजी और उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष चर्चा होगी। इसके साथ ही ब्लैक मार्केटिंग और जमाखोरी पर रोक लगाने के उपायों की भी समीक्षा की जाएगी।
PM मोदी ने की थी CCS की विशेष बैठक
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 7 लोक कल्याण मार्ग पर सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (CCS) की विशेष बैठक की अध्यक्षता की थी। इसमें विभिन्न मंत्रालयों द्वारा उठाए गए कदमों और आगे की रणनीति पर विचार किया गया।
ऊर्जा आपूर्ति के लिए वैकल्पिक स्रोत तैयार
बैठक में कैबिनेट सचिव ने जानकारी दी कि पेट्रोलियम उत्पादों, खासकर एलएनजी और एलपीजी की आपूर्ति बनाए रखने के लिए नए स्रोतों से आयात किया जा रहा है। इससे ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
कृषि और अन्य क्षेत्रों पर भी नजर
सरकार ने कृषि, नागरिक उड्डयन, शिपिंग और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में संभावित चुनौतियों से निपटने के उपायों पर भी चर्चा की। उर्वरकों की उपलब्धता और खरीफ-रबी सीजन की तैयारियों का भी जायजा लिया गया।
अफवाहों पर रोक और सही जानकारी पर जोर
नरेंद्र मोदी ने निर्देश दिया कि आम जनता तक सही जानकारी पहुंचे और अफवाहों को रोका जाए। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट के असर से नागरिकों को बचाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं।