उत्तराखंड की राजनीति में सक्रियता बढ़ाते हुए लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट करनी शुरू कर दी है। प्रदेश प्रभारी पवन वर्मा ने प्रेस वार्ता में बताया कि संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में विशाल ठाकुर की नियुक्ति की गई है जिनका परिचय कार्यकर्ताओं और जनता से कराया जा रहा है। साथ ही मोनिका अष्टवाल को महिला प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।
उधम सिंह नगर समेत कई क्षेत्रों का दौरा
प्रेस वार्ता में पवन वर्मा ने कहा कि पार्टी उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों में से लगभग 20 से 25 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। उन्होंने बताया कि पार्टी के पदाधिकारी उधम सिंह नगर कोटद्वार और नैनीताल समेत कई क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हालात का आकलन कर चुके हैं और पहाड़ी क्षेत्रों में भी संगठन को मजबूत किया जा रहा है।
गठबंधन के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान लेंगे फिलहाल सभी सीटों पर तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। पवन वर्मा ने कहा कि पार्टी चुनाव में बेरोजगारी शिक्षा स्वास्थ्य और खराब सड़कों जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने विशेष रूप से हरिद्वार क्षेत्र में सड़कों की खराब स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि जनता इन समस्याओं से जूझ रही है और पार्टी इन्हीं मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी।