कोलकाता: पश्चिम बंगाल की नई सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार से पहले राजनीतिक गलियारों में नोआपाड़ा के विधायक अर्जुन सिंह को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मंत्री पद की शपथ से पहले उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और फिर लोक भवन के लिए रवाना हुए।
शपथ से पहले धार्मिक आस्था का प्रदर्शन
सुबह घर से निकलने के बाद अर्जुन सिंह ने अपने आवास के सामने स्थित मंदिर में पूजा की। इसके बाद वह काकीनाड़ा स्थित फलहारी बाबा मंदिर पहुंचे और वहां भी दर्शन-पूजन किया। समर्थकों के बीच इसे उनके नए राजनीतिक दायित्व की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।
लंबे राजनीतिक अनुभव को मिला सम्मान
भाटपाड़ा नगरपालिका के चेयरमैन से लेकर विधायक और सांसद तक का सफर तय कर चुके अर्जुन सिंह राज्य की राजनीति का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। कई चुनावी मुकाबलों में जीत हासिल कर चुके अर्जुन सिंह को अनुभवी नेताओं की श्रेणी में गिना जाता है। इसी वजह से नई सरकार में उनकी भूमिका को लेकर विशेष उत्सुकता बनी हुई है।
परिवहन विभाग की जिम्मेदारी मिलने की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, नई मंत्रिपरिषद में अर्जुन सिंह को परिवहन विभाग की कमान सौंपी जा सकती है। हालांकि, श्रम विभाग को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा जारी है। अंतिम फैसला शपथ ग्रहण और विभागों के आवंटन के बाद स्पष्ट होगा।
जिम्मेदारी निभाने का दिया भरोसा
मीडिया से बातचीत में अर्जुन सिंह ने कहा कि सरकार उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ उनकी जवाबदेही पहले से कहीं अधिक बढ़ जाएगी।