सिलीगुड़ी: न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) रेलवे स्टेशन पर एक बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लिए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई। महिला पर अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि वह ट्रेन से हैदराबाद जा रही थी, तभी GRP की संयुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया।
30 वर्षीय ओडेरा अख्तर की हुई पहचान
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में ली गई महिला की पहचान करीब 30 वर्षीय ओडेरा अख्तर (Odera Akhtar) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह बांग्लादेश के मुंशीगंज जिले के सिराजदीखान इलाके की रहने वाली है।
कामाख्या स्टेशन से चेरलापल्ली एक्सप्रेस में हुई थी सवार
जानकारी के अनुसार, महिला गुवाहाटी के कामाख्या रेलवे स्टेशन से डाउन चेरलापल्ली एक्सप्रेस में सवार हुई थी। वह ट्रेन के जनरल कोच में यात्रा कर रही थी। उसका अगला पड़ाव हैदराबाद था। इसी दौरान खुफिया एजेंसियों को उसकी पहचान और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी मिली।
प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर GRP की संयुक्त कार्रवाई
पूर्व में मिली खुफिया सूचना के आधार पर सिलीगुड़ी GRP के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) और NJP GRP के सादे कपड़ों में तैनात जवानों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। ट्रेन के न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर पहुंचते ही जवानों ने उसे रोक लिया और हिरासत में ले लिया।
अवैध रूप से भारत में प्रवेश की जांच
फिलहाल महिला से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उसने कथित तौर पर भारतीय सीमा में कब और किस रास्ते से प्रवेश किया था। इसके अलावा हैदराबाद जाने के पीछे उसके उद्देश्य और संभावित संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।