दीघा: पश्चिम बंगाल के दीघा के पास समुद्र में उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब इंजन खराब होने के कारण 15 मछुआरों से भरा एक ट्रॉलर बीच समंदर में फंस गया। समुद्र में तेज लहरों, भारी बारिश और तूफानी हवाओं के चलते ट्रॉलर के पलटने का खतरा पैदा हो गया था। हालांकि, प्रशासन की तत्परता और रेस्क्यू टीम की कोशिशों से सभी 15 मछुआरों को सुरक्षित बचा लिया गया।
8 नॉटिकल मील दूर बीच समुद्र में फंसा ट्रॉलर
जानकारी के मुताबिक, मछुआरों से भरा ट्रॉलर मछली पकड़ने के बाद वापस लौट रहा था। इसी दौरान सुबह से ही ट्रॉलर का इंजन अचानक खराब हो गया। देखते ही देखते ट्रॉलर दीघा तट से करीब 8 नॉटिकल मील दूर समुद्र में फंस गया। इस बीच मौसम भी बिगड़ने लगा और तेज बारिश के साथ झोंकेदार हवाओं ने समुद्र को अशांत कर दिया।
तेज लहरों के बीच पलटने का मंडराने लगा खतरा
समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों के कारण ट्रॉलर लगातार हिचकोले खाने लगा। हालात ऐसे बन गए कि ट्रॉलर के पलटने की आशंका बढ़ गई। ट्रॉलर पर सवार 15 मछुआरों की जान खतरे में पड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया।
स्पीड बोट से मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीम
प्रशासन की ओर से स्पीड बोट के जरिए बचाव दल को समुद्र में भेजा गया। टीम के साथ तकनीकी कर्मचारी और इंजन मरम्मत करने वाले मिस्त्री भी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद बीच समुद्र में ही ट्रॉलर के खराब इंजन को ठीक कर लिया गया।
सुरक्षित तट पर लौटे सभी 15 मछुआरे
इंजन ठीक होने के बाद ट्रॉलर को सुरक्षित रूप से दीघा तट की ओर लाया गया। इस तरह प्रशासन की तत्परता और रेस्क्यू टीम की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। ट्रॉलर पर सवार सभी 15 मछुआरे सुरक्षित बच गए।