कोलकाता: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के कुलतली विधानसभा क्षेत्र के जयनगर-2 ब्लॉक अंतर्गत मणिरत ग्राम पंचायत में राजनीतिक हलचल देखने को मिली। ग्राम पंचायत के कुल 19 सदस्यों में से 10 सदस्यों ने NCPI का दामन थाम लिया। मणिरत ग्राम पंचायत के उपप्रधान प्रसेनजीत मंडल और सुब्रजीत मंडल के नेतृत्व में इन सदस्यों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर NCPI के राष्ट्रीय सचिव मृत्युंजय सिन्हा और लीगल सेल के संयोजक तन्मय मित्रा मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने पार्टी में शामिल हुए 10 ग्राम पंचायत सदस्यों का स्वागत किया।
उपप्रधान प्रसेनजीत मंडल ने क्या कहा?
मणिरत ग्राम पंचायत के उपप्रधान प्रसेनजीत मंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के विकास कार्यों में शामिल होने के उद्देश्य से उन्होंने आज NCPI की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने बताया कि NCPI के अध्यक्ष ज्योतिप्रकाश चटर्जी की अनुमति से यह फैसला लिया गया है।
तन्मय मित्रा ने टीएमसी पर साधा निशाना
NCPI के लीगल सेल के संयोजक तन्मय मित्रा ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में लोगों को अपेक्षित विकास नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि खुद ग्राम पंचायत के उपप्रधान भी स्वीकार कर रहे हैं कि पिछले 15 वर्षों में वे काम नहीं कर पाए।
मित्रा ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पिछले छह महीनों के कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस तरह से राज्य में विकास कार्य हो रहे हैं, उससे दक्षिण 24 परगना जिले में भी विकास की नई उम्मीद जगी है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की अपनी जिम्मेदारी होती है और इसी जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए ये सदस्य सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य और अपने क्षेत्र के विकास के उद्देश्य से NCPI में शामिल होना चाहते हैं।
BJP में नहीं, NCPI में क्यों शामिल हुए सदस्य?
इस सवाल पर कि ग्राम पंचायत के सदस्यों ने BJP में शामिल होने के बजाय NCPI को क्यों चुना, तन्मय मित्रा ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत फैसला है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर 24 परगना, इस्लामपुर, मुर्शिदाबाद और दक्षिण 24 परगना में NCPI जिस तरह से अपनी सेवाएं दे रही है, उससे प्रभावित होकर ये सदस्य पार्टी में शामिल हुए हैं।