नंदीग्राम: पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में तृणमूल कांग्रेस के नेता शेख सूफियान की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। करीब 58 लाख रुपये का कर्ज बकाया होने के दावे के बाद कांथी को-ऑपरेटिव बैंक के रिकवरी सेल ने उनके घर पर नोटिस चिपका दिया है। बैंक की रिकवरी टीम ने नंदीग्राम थाने की पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। हालांकि, जिस समय टीम उनके घर पहुंची, उस वक्त शेख सूफियान घर पर मौजूद नहीं थे।
ट्रॉलर और मकान बनाने के लिए लिया था कर्ज
बैंक सूत्रों के मुताबिक, शेख सूफियान ने समुद्र में मछली पकड़ने के लिए ट्रॉलर खरीदने के उद्देश्य से करीब 28 लाख रुपये का कर्ज लिया था। इसके अलावा मकान निर्माण के लिए उन्होंने 25 लाख रुपये का हाउस बिल्डिंग लोन भी लिया था। ये दोनों ऋण कांथी को-ऑपरेटिव बैंक की नंदीग्राम शाखा से लिए गए थे।
ब्याज समेत 58 लाख रुपये बकाया होने का दावा
बैंक का कहना है कि शुरुआती दौर में शेख सूफियान ने कर्ज की कुछ रकम चुकाई थी, लेकिन लंबे समय से भुगतान नहीं किया गया है। बैंक के मुताबिक, मूलधन और ब्याज मिलाकर अब बकाया राशि करीब 58 लाख रुपये तक पहुंच गई है। आरोप है कि कई बार कर्ज चुकाने के लिए कहा गया, लेकिन इसके बावजूद भुगतान नहीं किया गया।
पुलिस की मौजूदगी में घर पर चिपकाया नोटिस
बकाया रकम की वसूली के लिए बैंक के हेड ऑफिस से रिकवरी सेल की पांच सदस्यीय टीम नंदीग्राम पहुंची। टीम ने नंदीग्राम थाने की पुलिस की मौजूदगी में शेख सूफियान के आवास पर नोटिस चिपकाया। इस कार्रवाई में बैंक के रिकवरी सेल के अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल थे।
आगे क्या करेगी बैंक की रिकवरी टीम?
बैंक की ओर से स्पष्ट किया गया है कि बकाया राशि की वसूली के लिए आगे भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं, परिवार के सदस्यों के मुताबिक, नोटिस चिपकाए जाने के समय शेख सूफियान घर पर मौजूद नहीं थे। इस मामले में परिवार के किसी भी सदस्य ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
इस पूरे मामले में बैंक की ओर से रिकवरी सेल के अधिकारी चंचल दास और प्रतिनिधि दल के सदस्य सुब्रत प्रधान ने जानकारी दी।