नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने गुरुवार (19 नवंबर) को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था, राज्य के विकास और आम जनता से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मुलाकात की जानकारी साझा की।
अमित शाह को भेंट की मां दुर्गा की पारंपरिक डोकरा कलाकृति
मुलाकात के दौरान सुवेंदु अधिकारी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल की पारंपरिक कला से जुड़ी मां दुर्गा की डोकरा कलाकृति भेंट की। इसमें मां दुर्गा के साथ उनके चारों बेटे-बेटियों की पारंपरिक प्रतिमा शामिल थी। मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा कीं।
कानून-व्यवस्था और राज्य के विकास पर हुई चर्चा
सुवेंदु अधिकारी ने अपनी पोस्ट में बताया कि अमित शाह के साथ बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल से जुड़े कई अहम विषयों पर बातचीत हुई। इनमें राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति, विकास की प्राथमिकताएं और पश्चिम बंगाल के लोगों के कल्याण से जुड़े मुद्दे शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री के मार्गदर्शन, बहुमूल्य समय और राज्य की प्रगति एवं समृद्धि के लिए लगातार मिल रहे सहयोग के प्रति आभार भी जताया।
दो दिवसीय आतंकवाद विरोधी सम्मेलन में भी शामिल हुए अमित शाह
गौरतलब है कि अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की ओर से आयोजित छठे वार्षिक आतंकवाद विरोधी सम्मेलन का उद्घाटन भी किया। दो दिवसीय सम्मेलन का मुख्य विषय सीमा पार आतंकवाद है।
इस सम्मेलन में आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच, विदेशी देशों से डिजिटल साक्ष्य जुटाने, डिजिटल फॉरेंसिक, आतंकवाद के वित्तपोषण पर रोक, कट्टरपंथ से निपटने और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े उभरते खतरों जैसे विषयों पर चर्चा की जा रही है।
सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के पुलिस अधिकारियों और जांच से जुड़े पेशेवरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी रखा गया है। इसका उद्देश्य आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच और अभियोजन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है।
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की अमित शाह से यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब राज्य सरकार कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दों पर केंद्र के साथ समन्वय को महत्वपूर्ण बता रही है। इस बैठक को पश्चिम बंगाल और केंद्र के बीच प्रशासनिक सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है।