LPG Subsidy: घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर सब्सिडी का लाभ लेने वाले करोड़ों उपभोक्ताओं के लिए अहम खबर है। सरकार ने फैसला किया है कि 1 अक्टूबर से घरेलू LPG ग्राहकों को सब्सिडी वाली कीमत पर रिफिल बुक करने के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सब्सिडी का लाभ केवल पात्र परिवारों तक पहुंचे।
19 सितंबर तक 89.9% ग्राहकों का ऑथेंटिकेशन पूरा
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, 19 सितंबर तक 27.43 करोड़ एक्टिव घरेलू LPG ग्राहक, यानी कुल ग्राहकों के करीब 89.9 प्रतिशत, अपना बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा करा चुके हैं। जिन उपभोक्ताओं ने पहले ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली है, उन्हें दोबारा कुछ करने की जरूरत नहीं होगी। वहीं, जिन ग्राहकों का ऑथेंटिकेशन अभी बाकी है, उन्हें प्रक्रिया पूरी करने के बाद सब्सिडी वाली रिफिल बुकिंग की सुविधा मिल सकेगी।
घर बैठे ऐसे करा सकते हैं बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन
सरकार ने ऑथेंटिकेशन के लिए ग्राहकों को कई विकल्प दिए हैं। इसके लिए गैस एजेंसी जाने की अनिवार्यता नहीं है।
डिलीवरी के समय करा सकते हैं ऑथेंटिकेशन
जब LPG डिलीवरी बॉय सिलेंडर लेकर आपके घर पहुंचे, तो उसके मोबाइल डिवाइस या बायोमेट्रिक स्कैनर के जरिए फिंगरप्रिंट या फेस ऑथेंटिकेशन कराया जा सकता है। यह प्रक्रिया घर पर ही पूरी की जा सकती है।
गैस एजेंसी पर भी मिलेगी सुविधा
ग्राहक अपनी संबंधित LPG एजेंसी या शोरूम पर जाकर वहां उपलब्ध बायोमेट्रिक काउंटर के जरिए ई-केवाईसी और आधार ऑथेंटिकेशन पूरा करा सकते हैं।
मोबाइल ऐप से भी कर सकते हैं फेस ऑथेंटिकेशन
ग्राहकों को घर बैठे ऑथेंटिकेशन की सुविधा भी दी गई है। संबंधित ऑयल मार्केटिंग कंपनी के आधिकारिक ऐप के जरिए प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
- Indane: IndianOil ONE ऐप
- Bharatgas: HelloBPCL ऐप
- HP Gas: HP PAY ऐप
इन ऐप्स के जरिए ग्राहक अपने मोबाइल से आधार फेस ऑथेंटिकेशन पूरा कर सकते हैं।
मदद के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन
अगर ऑथेंटिकेशन को लेकर किसी ग्राहक को परेशानी आती है या उसे प्रक्रिया से संबंधित जानकारी चाहिए, तो सरकार की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800 2333 555 पर संपर्क किया जा सकता है।
7 बार बढ़ाई जा चुकी है समय-सीमा
LPG ग्राहकों के आधार ऑथेंटिकेशन का अभियान अक्टूबर 2023 से चल रहा है। सरकार और तेल विपणन कंपनियों की ओर से ग्राहकों को प्रक्रिया पूरी करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पिछले तीन वर्षों में OMCs की ओर से ग्राहकों को जागरूक करने के लिए 12 करोड़ से ज्यादा SMS और WhatsApp संदेश भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा डिस्ट्रीब्यूटर, डिलीवरी कर्मचारियों, विशेष कैंप, IVRS और अन्य माध्यमों से भी लोगों तक जानकारी पहुंचाई गई है।
LPG सब्सिडी पर सरकार का कितना खर्च?
सरकार की ओर से घरेलू LPG की कीमतों को कम रखने के लिए बड़ी आर्थिक सहायता दी जाती है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जून में 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर पर प्रभावी सब्सिडी करीब 721 रुपये प्रति सिलेंडर तक पहुंच गई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में बदलाव के बाद यह राशि सितंबर में घटकर करीब 210 रुपये प्रति सिलेंडर रह गई। सरकार का कहना है कि सब्सिडी का लाभ सही पात्र उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए फर्जी या अपात्र कनेक्शनों को हटाना जरूरी है।
क्या 1 अक्टूबर के बाद सिलेंडर मिलना बंद हो जाएगा?
नहीं। 1 अक्टूबर के बाद LPG की सप्लाई पूरी तरह बंद होने की बात नहीं है। हालांकि, जिन ग्राहकों ने आधार बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन पूरा नहीं किया है, उन्हें सब्सिडी वाले दाम पर LPG रिफिल लेने में परेशानी हो सकती है।
ऐसे मामलों में ग्राहकों को बाजार मूल्य पर LPG खरीदनी पड़ सकती है। सरकार के अनुसार, जरूरत और उपलब्धता के आधार पर ऐसे उपभोक्ताओं के लिए 5 किलो या 10 किलो सिलेंडर का विकल्प भी उपलब्ध हो सकता है।
क्या है पूरे मामले का मतलब?
सरल शब्दों में कहें तो 1 अक्टूबर से LPG सिलेंडर बंद नहीं होगा, बल्कि सब्सिडी का लाभ लेने के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन महत्वपूर्ण हो जाएगा। जिन ग्राहकों ने यह प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली है, उन्हें किसी अतिरिक्त कार्रवाई की जरूरत नहीं है।