भोपाल | मध्यप्रदेश में आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती का इंतजार कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश में करीब पांच साल बाद 3062 आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक महिलाएं 16 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगी।
आवेदन मध्यप्रदेश ई-सेवा पोर्टल eseva.mp.gov.in के माध्यम से किए जा सकेंगे। चयन प्रक्रिया जिला स्वास्थ्य समिति की निगरानी में पूरी होगी। चयन से जुड़े आदेश वर्ष 2027 में जारी किए जाने की योजना है।
MP ASHA Worker Vacancy 2026: कौन कर सकता है आवेदन?
- आशा कार्यकर्ता भर्ती के लिए कुछ जरूरी पात्रता शर्तें निर्धारित की गई हैं:
- आवेदिका संबंधित गांव की निवासी होनी चाहिए।
- केवल विवाहित महिलाएं आवेदन कर सकेंगी।
- न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष निर्धारित की गई है।
- शैक्षणिक योग्यता कम से कम 10वीं पास होनी चाहिए।
आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें
भर्ती कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन 16 नवंबर से शुरू होकर 16 दिसंबर 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करना होगा।
कैसे होगा आशा कार्यकर्ताओं का चयन?
ग्रामीण क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं का चयन जिला स्तर पर किया जाएगा। पूरी प्रक्रिया कलेक्टर की अध्यक्षता वाली जिला स्वास्थ्य समिति की निगरानी में होगी। ग्रामवार निर्धारित पदों और चयन के लिए चिह्नित गांवों के आधार पर नियुक्तियां की जाएंगी।
ग्रामसभा से लेकर जिला स्तर तक चलेगी प्रक्रिया
निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, 17 से 25 दिसंबर 2026 तक प्राप्त आवेदनों को ग्रामसभा के सामने रखा जाएगा। इसके बाद 26 दिसंबर 2026 से 18 जनवरी 2027 तक ग्रामसभा चयन संबंधी प्रस्तावों को अनुमोदित कर आगे भेजेगी। प्राप्त प्रस्तावों पर 19 जनवरी से 5 फरवरी 2027 तक विकासखंड स्तर पर दावे और आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। इसके बाद फरवरी 2027 तक जिला स्तर पर अपील प्राप्त कर उनका निपटारा किया जाएगा। इस भर्ती के जरिए प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में आशा कार्यकर्ताओं के रिक्त पद भरे जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आधिकारिक पोर्टल पर जारी दिशा-निर्देश और पात्रता संबंधी जानकारी जरूर देखनी चाहिए।