लखनऊ | उत्तर प्रदेश में आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। मंगलवार शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति, सामाजिक सौहार्द और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। दीपोत्सव, दीपावली, छठ और देव दीपावली के मद्देनजर शासन से लेकर तहसील और थाना स्तर तक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के उल्लास को उपद्रव में बदलने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपद्रव और अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
सीएम योगी ने असामाजिक और अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखने को कहा। अफवाह, भ्रामक सूचना या शरारतपूर्ण बयानबाजी के जरिए माहौल बिगाड़ने वालों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अयोध्या दीपोत्सव में श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्राथमिकता
7 नवंबर को अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने अंतरजनपदीय और स्थानीय स्तर पर सुगम यातायात व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। साथ ही रूट डायवर्जन प्लान पहले से तैयार करने और उसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
मंदिरों और बाजारों में 24 घंटे पुलिस निगरानी
मुख्यमंत्री ने प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की चौबीसों घंटे तैनाती के निर्देश दिए। धनतेरस और दीपावली के दौरान प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास पैदल गश्त, पुलिस निगरानी और सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने को कहा। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को खुद फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और पीआरवी-112 को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए।
पटाखों की दुकानें आबादी से दूर लगाने के निर्देश
पटाखों की बिक्री और अग्नि सुरक्षा को लेकर योगी आदित्यनाथ ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि पटाखों की दुकानें और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही स्थापित किए जाएं। एनओसी और लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। अग्निशमन विभाग को पर्याप्त फायर टेंडर और जीवनरक्षक उपकरणों के साथ 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।
सफाई, फॉगिंग और बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति
मुख्यमंत्री ने नगर विकास और पंचायती राज विभाग को सभी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था अभियान चलाने के निर्देश दिए। मलिन बस्तियों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक नियमित सफाई, सैनिटाइजेशन और एंटी-लार्वा फॉगिंग कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि कहीं भी जलभराव, कूड़े के ढेर या सड़कों पर गड्ढे नहीं होने चाहिए। त्योहारों के दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
यात्रियों के लिए अतिरिक्त बसें, मनमाना किराया वसूलने पर कार्रवाई
परिवहन विभाग को त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने अनफिट और डग्गामार वाहनों पर अंकुश लगाने तथा निजी बस संचालकों की ओर से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतों पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करने को कहा।
राशन में घटतौली और खाद की कालाबाजारी पर सख्ती
सीएम योगी ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राशन वितरण में घटतौली की शिकायत मिलने पर ऐसी कठोर कार्रवाई हो, जो दूसरों के लिए उदाहरण बने। किसानों को खाद की उपलब्धता को लेकर भी मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। खाद की जमाखोरी, कालाबाजारी या निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
आउटसोर्स और आंगनबाड़ी कर्मियों को त्योहार से पहले मिलेगा मानदेय
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आउटसोर्स कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय त्योहार से पहले उनके बैंक खातों में अनिवार्य रूप से भेजा जाए। उन्होंने इस काम में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करने को कहा। इसके अलावा सेवानिवृत्त पेंशनरों के लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
धान खरीद केंद्रों पर किसानों को न हो परेशानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धान खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों की उपज की तौल पूरी संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ हो। सीएम ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी किसान अपनी उपज बेचे बिना निराश होकर खरीद केंद्र से वापस न लौटे।