भोपाल | मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 4 नवंबर को बीजेपी की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' रैली के चलते स्कूली विद्यार्थियों को यातायात संबंधी परेशानी हो सकती है। इसे देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों के लिए जरूरी निर्देश जारी किए हैं। स्कूल प्रबंधन को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार स्कूल की टाइमिंग बदलने या संचालन को लेकर उचित निर्णय लेने की छूट दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने 3 नवंबर 2026 को सभी सरकारी और निजी स्कूलों के प्राचार्यों के नाम आदेश जारी किया। इसमें विद्यार्थियों की सुरक्षा और उनके सुगम आवागमन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
40 से 50 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान
आदेश के मुताबिक, बुधवार 4 नवंबर को सुबह 10 बजे से टीटी नगर स्थित अटल पथ क्षेत्र में बीजेपी का बड़ा कार्यक्रम और रैली प्रस्तावित है। इसमें 40 से 50 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का अनुमान है। बड़ी संख्या में बसों और निजी वाहनों के पहुंचने से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है।
इन इलाकों में ट्रैफिक जाम की आशंका
रैली को देखते हुए टीटी नगर, रोशनपुरा, लिंक रोड नंबर-1 और 2, भदभदा, जवाहर चौक, पॉलिटेक्निक और बाणगंगा क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका है। इन रास्तों से गुजरने वाली स्कूल बसों और अन्य स्कूली वाहनों को भी परेशानी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को पहले से जरूरी व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए हैं।
स्कूलों को टाइमिंग बदलने की छूट, बंद रखने का आदेश नहीं
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे अपने स्कूल की लोकेशन, विद्यार्थियों के आने-जाने के रास्तों और बसों के संचालन की स्थिति का आकलन करें। इसके आधार पर स्कूल प्रबंधन 4 नवंबर को स्कूल की टाइमिंग में बदलाव कर सकता है या संचालन को लेकर स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप फैसला ले सकता है। हालांकि, भोपाल के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद रखने का कोई सामान्य आदेश जारी नहीं किया गया है। यानी स्कूलों की छुट्टी अनिवार्य नहीं है, बल्कि निर्णय स्कूल प्रबंधन को लेना है।
अभिभावकों और स्कूल वाहन चालकों को देनी होगी जानकारी
DEO ने निर्देश दिए हैं कि स्कूल प्रबंधन समय या संचालन में किसी भी तरह का बदलाव करने पर विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल वाहन संचालकों को इसकी जानकारी पहले से दे। इसके साथ ही स्कूलों को अपने फैसले की सूचना जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भी भेजनी होगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जरूरी कदम उठाए जाएं।
भोपाल में आज बीजेपी की बड़ी पदयात्रा
बीजेपी की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा 4 नवंबर को अटल पथ से शुरू होकर रोशनपुरा की ओर जाएगी। कार्यक्रम में जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने के मद्देनजर राजधानी के प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में स्कूलों को समय में बदलाव और बच्चों के आवागमन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।