गोरखपुर: भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बुधवार को गोरखपुर में पदयात्रा निकाली जाएगी। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी पदयात्रा में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में जनसभा से होगी। इसके बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता करीब 2 किलोमीटर की पदयात्रा निकालेंगे।
एमपी इंटर कॉलेज से दोपहर 12 बजे निकलेगी पदयात्रा
भाजपा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में जनसभा से होगी। यहां राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे कॉलेज परिसर से पदयात्रा शुरू होगी। यह यात्रा लगभग 2 किलोमीटर का रास्ता तय करते हुए गोलघर स्थित काली मंदिर के पास पहुंचेगी।
सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर होगा समापन
भाजपा की पदयात्रा का समापन गोलघर स्थित काली मंदिर के पास स्थापित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के सामने होगा। यहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष समेत अन्य नेता सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।पार्टी की ओर से कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
एक लाख लोगों को जुटाने की तैयारी
भाजपा इस पदयात्रा के जरिए गोरखपुर में बड़े स्तर पर जनसमर्थन जुटाने की तैयारी में है। पार्टी की ओर से करीब एक लाख लोगों को कार्यक्रम में लाने का लक्ष्य रखा गया है।गोरखपुर क्षेत्र के अलग-अलग जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। लोगों को कार्यक्रम स्थल तक लाने के लिए बसों की व्यवस्था भी की गई है।
सुबह 9 बजे पहुंचेंगे CM योगी, 11 बजे आएंगे नितिन नवीन
कार्यक्रम के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के आगमन का कार्यक्रम भी तय किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार सुबह करीब 9 बजे गोरखपुर पहुंचेंगे। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सुबह 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की जानकारी दी गई है।सभी वरिष्ठ नेता एमपी इंटर कॉलेज में बने स्थायी मंच से सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पदयात्रा में शामिल होंगे।
‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजन
भाजपा देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्राओं का आयोजन कर रही है। गोरखपुर में होने वाली यह पदयात्रा भी इसी अभियान का हिस्सा है। पार्टी का लक्ष्य इस आयोजन के जरिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम लोगों को जोड़ना है।