भोपाल: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज बुधवार को भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। सुबह 10 बजे टीटी नगर स्थित अटल पथ पर सभा होगी। इसके बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक पदयात्रा करेंगे।भाजपा ने भोपाल और नर्मदापुरम संभाग से करीब एक लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया है।
जेपी नड्डा, CM डॉ.मोहन यादव करेंगे सभा को संबोधित
पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शामिल होंगे। इनके अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री, पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।गौरतलब है कि पहले इस कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की चर्चा थी, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के बाद उनकी जगह जेपी नड्डा भोपाल पहुंचेंगे।
अटल पथ से रोशनपुरा तक निकलेगी पदयात्रा
भाजपा की पदयात्रा सुबह 10 बजे टीटी नगर के अटल पथ स्थित प्लेटिनम प्लाजा से शुरू होगी। यहां सभा के बाद यात्रा न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चौराहे तक पहुंचेगी।पदयात्रा के मार्ग पर अलग-अलग सामाजिक समूहों, व्यापारियों और अन्य संगठनों की ओर से स्वागत मंच बनाए जाने की तैयारी है। कार्यक्रम के चलते न्यू मार्केट और आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
एक लाख लोगों के जुटने का दावा
भाजपा ने भोपाल और नर्मदापुरम संभाग से करीब एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए दोनों संभागों की अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सुबह 8 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन
पदयात्रा और सभा को देखते हुए भोपाल यातायात पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की है। बुधवार सुबह 8 बजे से शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है।इन इलाकों में विशेष रूप से यातायात प्रभावित हो सकता है
भदभदा चौराहा
भारत माता चौराहा
जवाहर चौक
माता मंदिर
रोशनपुरा चौराहा
लिंक रोड-1
पॉलिटेक्निक चौराहा
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इन मार्गों पर जाने से पहले यातायात व्यवस्था का ध्यान रखें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।