मालदा: पश्चिम बंगाल में अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की बरामदगी के बीच बीजेपी विधायक एवं पुस्तकालय मंत्री गौरीशंकर घोष ने पिछली ममता सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में अवैध हथियारों की फैक्ट्रियों, तस्करी और नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
ममता सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
मालदा में पत्रकारों से बातचीत के दौरान गौरीशंकर घोष से राज्य के अलग-अलग इलाकों में अवैध हथियार और ब्राउन शुगर मिलने को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के शासनकाल में राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक नहीं थी। उनके मुताबिक, इसी वजह से पश्चिम बंगाल में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों का कारोबार बढ़ा।
डेढ़ साल में अवैध कारोबार खत्म करने का दावा
मंत्री गौरीशंकर घोष ने कहा कि नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री और गृह मंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है। उन्होंने दावा किया कि राज्य के अलग-अलग हिस्सों में अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्रियों का पता लगाकर उन्हें बंद किया जा रहा है। साथ ही हथियारों और मादक पदार्थों की बरामदगी भी की गई है।
उन्होंने भरोसा जताया कि अगले डेढ़ साल के भीतर राज्य में अवैध हथियारों का कारोबार, तस्करी और नशीले पदार्थों का धंधा पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
रामखेली की घटना का भी किया जिक्र
बातचीत के दौरान गौरीशंकर घोष ने रामखेली में हुई हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में पहले आम लोगों के हाथों में अवैध हथियार पहुंच गए थे। उन्होंने इसका जिम्मेदार पिछली सरकार की कानून-व्यवस्था को ठहराया। उनका आरोप था कि राजनीतिक फायदे और वोट की राजनीति के लिए लोगों के हाथों में हथियार पहुंचाए गए।
दोषियों को सजा दिलाने की बात
मंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार का उद्देश्य राज्य में लोकतंत्र और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है। प्रशासन ने अवैध हथियारों के ठिकानों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। हेरोइन, गांजा समेत दूसरे नशीले पदार्थों की भी बरामदगी हुई है। उन्होंने साफ कहा कि इन अवैध गतिविधियों से जुड़े लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए सजा दिलाई जाएगी।