रायपुर | छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य के 13 निकायों में दिसंबर के अंतिम सप्ताह में चुनाव होने की संभावना है। इसे देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को भाजपा कार्यालय में निकाय चुनाव को लेकर अहम बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक की अगुवाई भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह कर रहे हैं। इसमें चुनाव वाले निकायों के प्रभारी, सह-प्रभारी और जिलाध्यक्ष शामिल हुए हैं। इसके अलावा संबंधित क्षेत्रों के सांसद और विधायक भी बैठक में मौजूद हैं।
कई मंत्री और वरिष्ठ नेता बैठक में शामिल
निकाय चुनाव की रणनीति बनाने के लिए मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, दयालदास बघेल, राजेश अग्रवाल और टंक राम वर्मा भी बैठक में शामिल हुए हैं। डिप्टी सीएम विजय शर्मा और कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव भी बैठक में पहुंचे। बैठक में चुनावी निकायों की स्थिति, संगठन की तैयारियों और स्थानीय स्तर पर चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है। भाजपा नेतृत्व इन चुनावों के जरिए नगरीय क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की तैयारी में जुटा है।
दिसंबर में चुनाव को लेकर बढ़ी राजनीतिक हलचल
13 निकायों में दिसंबर के अंतिम सप्ताह में चुनाव होने की जानकारी के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा की बैठक को चुनावी तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में पार्टी की ओर से स्थानीय स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति को और गति दी जा सकती है।