भोपाल | दिवाली से पहले पुराने भोपाल के भीड़भाड़ वाले बाजार में पुलिस-प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने तीन दुकानों से पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री की कीमत करीब 6 लाख 18 हजार रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई कोतवाली पुलिस, एसडीएम और तहसीलदार की संयुक्त टीम ने की। अधिकारियों के मुताबिक, घनी आबादी और भीड़भाड़ वाले इलाके में पटाखों की बिक्री से लोगों की सुरक्षा को खतरा हो सकता था। इसी को देखते हुए त्योहार से पहले जांच और कार्रवाई की गई।
तीन दुकानों से पटाखे और विस्फोटक सामग्री जब्त
कार्रवाई के दौरान धनराज भटेजा, अल्ताफ अनवर खान और सुनील भटेजा से जुड़ी दुकानों के खिलाफ कार्रवाई की गई। टीम ने यहां से करीब 6.18 लाख रुपये की पटाखा और विस्फोटक सामग्री जब्त की। प्रशासन का फोकस भीड़भाड़ वाले बाजारों और घनी आबादी वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर है। त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देश पर दिवाली से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। पुराने भोपाल के बाजारों में पटाखों की बिक्री और भंडारण की जांच की जा रही है, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान लोगों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।