नई दिल्ली | देश के कई राज्यों में आज यानी 3 नवंबर को मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान मुरासु के प्रभाव से दक्षिण भारत के राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मुरासु के प्रभाव से आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में मौसम पर खास असर पड़ सकता है। वहीं, दिल्ली में तूफान का कोई खास प्रभाव रहने की संभावना नहीं है। राजधानी में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
UP में मौसम शुष्क, बिहार में बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, 8 नवंबर तक प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है। बिहार में आज बारिश हो सकती है। वहीं, झारखंड में चक्रवात के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। 4 नवंबर तक रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
बंगाल और ओडिशा में भी बारिश की चेतावनी
पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी और उप-हिमालयी क्षेत्रों में आज बारिश हो सकती है। ओडिशा में 4 नवंबर तक व्यापक बारिश का अनुमान है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, राजस्थान में फिलहाल किसी भी जिले के लिए बारिश, आंधी या गरज-चमक को लेकर विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बदलेगा मौसम
मध्य प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के साथ विदर्भ में 5 नवंबर तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में 5 और 6 नवंबर को बारिश के आसार हैं। कुछ स्थानों पर 4 नवंबर तक भारी बारिश भी हो सकती है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
चक्रवात मुरासु के प्रभाव से आंध्र प्रदेश के कई जिलों में अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आज तथा 5 से 7 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 5 नवंबर तक भारी बारिश का अनुमान है। केरल और माहे में 6 नवंबर तक मौसम प्रभावित रह सकता है। तेलंगाना में 4 नवंबर को भारी बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना रह सकता है।
पूर्वोत्तर और पश्चिमी भारत में भी बारिश के आसार
अरुणाचल प्रदेश में 4 से 8 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में 4, 7 और 8 नवंबर को बारिश का अनुमान है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 8 नवंबर तक कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। पश्चिमी भारत के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 5 नवंबर तक बारिश की संभावना है। गुजरात क्षेत्र में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
हिमाचल और उत्तराखंड में ठंड का असर बढ़ा
उत्तराखंड के नैनीताल और चमोली में आज बारिश होने के आसार हैं, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है। केदारनाथ धाम में तापमान माइनस 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। सोमवार को हुई बर्फबारी के बाद धाम में चारों ओर बर्फ की सफेद चादर दिखाई दे रही है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में 8 नवंबर तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। राज्य के ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे पहुंचने लगा है।