भोपाल | मध्य प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी को समर्थन दिया है। राजकुमार लोहानी ने मध्य प्रदेश विधानसभा में अपना नामांकन फॉर्म जमा किया। इस दौरान विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे उनके प्रस्तावक बने। नामांकन के दौरान कांग्रेस विधायक आरिफ अकील समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और नेता मौजूद रहे। इस उपचुनाव में बीजेपी और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार के बीच मुकाबला होने की संभावना है।
एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई राज्यसभा सीट
मध्य प्रदेश से राज्यसभा की यह सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। एल. मुरुगन अप्रैल 2024 में मध्य प्रदेश से राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक निर्धारित था, लेकिन इस्तीफे के बाद सीट खाली हो गई। इसी रिक्त सीट पर अब उपचुनाव कराया जा रहा है।
BJP ने हरदीप सिंह पुरी पर जताया भरोसा
भारतीय जनता पार्टी ने इस सीट से केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया है। 74 वर्षीय पुरी दिल्ली के रहने वाले हैं और मोदी सरकार में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हैं। वे भारतीय विदेश सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी और अनुभवी राजनयिक भी हैं। साल 2021 से वे पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अब इस उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी और कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी के बीच मुकाबले पर राजनीतिक नजरें टिकी हैं।