कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा परिसर में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कैंटीन में काम करने वाले एक कर्मचारी का शव शौचालय से बरामद हुआ। मृतक की पहचान 46 वर्षीय उमेश चंद्र दास के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही हेयर स्ट्रीट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
विधानसभा परिसर में शौचालय से मिला शव
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 9:10 बजे विधानसभा के कैंटीन सेक्शन में स्थित शौचालय में उमेश चंद्र दास अचेत अवस्था में पड़े मिले। उन्हें इस हालत में देखकर परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
करीब 15 वर्षों से कैंटीन में कर रहे थे काम
मृतक उमेश चंद्र दास की उम्र 46 वर्ष बताई जा रही है। वह पश्चिम बंगाल विधानसभा की कैंटीन में अस्थायी कर्मचारी के तौर पर काम करते थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से विधानसभा की कैंटीन से जुड़े हुए थे। अचानक हुई इस घटना से विधानसभा परिसर में काम करने वाले कर्मचारियों के बीच शोक और चिंता का माहौल है।
शरीर पर चोट के निशान नहीं, पुलिस कर रही जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उमेश चंद्र दास के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले में किसी तरह की गड़बड़ी की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की टीम भी पहुंची
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोलकाता पुलिस के हेयर स्ट्रीट थाने के अधिकारियों के साथ डिटेक्टिव डिपार्टमेंट की होमिसाइड विंग की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही उमेश चंद्र दास की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल विधानसभा परिसर में हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।