देवास/इंदौर: देवास जिले में देर रात शराब तस्करी की सूचना पर ट्रक का पीछा कर रही पुलिस टीम के साथ बड़ी घटना हो गई। हरदा से गुजरात की ओर जा रहे ट्रक को पकड़ने की कार्रवाई के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक चालक ने कुचल दिया । ट्रक का पिछला पहिया उनके शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, देवास एसपी आदित्य मिश्रा ने अवैध शराब से भरे ट्रक को पकड़ने के लिए पांच से अधिक पुलिस टीमें गठित की थीं। इनमें कन्नौद, सतवास और खातेगांव के थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।पुलिस को सूचना मिली थी कि अवैध शराब से भरा एक ट्रक हरदा की ओर से आ रहा है और इंदौर होते हुए गुजरात जाने वाला है। इसके बाद पुलिस टीमों ने ट्रक का पीछा शुरू किया और रास्ते में नाकाबंदी भी की गई।
पानी पीने के लिए ढाबे पर रुका था ट्रक चालक
बताया जा रहा है कि हरदा-नेमावर हाईवे पर ट्रक चालक पानी पीने के लिए एक ढाबे पर रुका था। इसी दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक को ट्रक से नीचे उतरने के लिए कहा।इसी दौरान चालक और टीआई के बीच झूमाझटकी होने लगी। आरोप है कि चालक ने ट्रक लेकर भागने की कोशिश की। इस दौरान दिलीप पुरी नीचे गिर गए और ट्रक का पिछला पहिया उनके शरीर के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक में भरी थी अवैध शराब, चालक गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से ट्रक नंबर MP 43 H 4786 जब्त किया है। ट्रक में अवैध शराब भरी हुई थी। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
2007 बैच के उप निरीक्षक थे दिलीप पुरी
खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी वर्ष 2007 बैच के उप निरीक्षक थे। थाना प्रभारी बनने के बाद वे इंदौर के हीरानगर और चंदन नगर थानों में भी पदस्थ रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही देवास एसपी आदित्य मिश्रा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
हरदा-नेमावर हाईवे पर देर रात हुई घटना
घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच की बताई जा रही है। शराब से भरे ट्रक के निकलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस की पांच टीमें अलग-अलग स्थानों पर तैनात की गई थीं।नेमावर, सतवास, कन्नौद और खातेगांव के थाना प्रभारी इस कार्रवाई में शामिल थे। एक पुलिस टीम ने ढाबे के पास ट्रक को घेर लिया था, जबकि आगे की ओर नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान ट्रक चालक के भागने की कोशिश में यह घटना हुई।फिलहाल पुलिस ट्रक में भरी शराब, तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।