भोपाल | मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब माफिया द्वारा खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलकर हत्या किए जाने के मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस घटना को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
'जब खाकी सुरक्षित नहीं, तो आम आदमी क्या उम्मीद करे?'
उमंग सिंघार ने अपनी पोस्ट में लिखा कि मध्य प्रदेश में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब पुलिस की वर्दी भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि देवास में अवैध शराब माफिया ने खातेगांव TI दिलीप पुरी को बेखौफ होकर ट्रक से कुचल दिया। सिंघार ने सवाल उठाया कि जब कानून की रक्षा करने वाले पुलिसकर्मियों की ही सरेआम हत्या हो रही है, तो आम आदमी अपनी सुरक्षा की उम्मीद किससे करे? उन्होंने पूछा कि क्या प्रदेश में माफियाओं के मन से शासन और प्रशासन का डर खत्म हो चुका है?
मुख्यमंत्री से की सख्त कार्रवाई की मांग
नेता प्रतिपक्ष ने घटना में जान गंवाने वाले TI दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि कर्तव्य निभाते हुए जान गंवाने वाले पुलिस अधिकारी के मामले में सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री से मांग की कि अब केवल कागजी कार्रवाई या दिखावे से काम नहीं चलेगा। माफिया के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे अपराधियों में कानून का डर पैदा हो और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल
देवास की घटना के बाद प्रदेश में अवैध शराब कारोबार और कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। उमंग सिंघार ने सरकार को घेरते हुए माफिया पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत बताई है। अब इस मामले में सरकार और पुलिस प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।