वाराणसी | समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का वाराणसी दौरा अब 3 नवंबर को होगा। इससे पहले अर्नब चक्रवात के कारण हुई भारी बारिश के चलते उनका दौरा स्थगित कर दिया गया था। अब समाजवादी पार्टी की ओर से नए कार्यक्रम की जानकारी साझा की गई है। तय कार्यक्रम के मुताबिक अखिलेश यादव सुबह 11:45 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
तीन नवंबर को वाराणसी पहुंचेंगे अखिलेश यादव
सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ और जिला प्रवक्ता संतोष यादव बबलू एडवोकेट ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि अखिलेश यादव 3 नवंबर को वाराणसी आएंगे। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उनका शहर में पार्टी से जुड़े कई लोगों के आवास पर जाने का कार्यक्रम है।
स्व. राजेश यादव नत्थू के परिवार से करेंगे मुलाकात
पार्टी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव सबसे पहले पार्टी के जिला उपाध्यक्ष रहे स्वर्गीय राजेश यादव नत्थू के आवास सीर गोवर्धनपुर, डाफी जाएंगे। यहां वह उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके बाद सपा प्रमुख सीर गोवर्धनपुर में पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश फौजी के आवास पर पहुंचेंगे। फिर वह सुंदरपुर स्थित राजेंद्र विहार कॉलोनी में राजेश सिंह के घर जाएंगे।
वाराणसी से लखनऊ होंगे रवाना
पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार, इन मुलाकातों के बाद अखिलेश यादव वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। बारिश के कारण स्थगित हुए दौरे के बाद अब सपा प्रमुख के वाराणसी आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में हलचल है।