अयोध्या | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अयोध्या पहुंचकर दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही न हो और सभी कार्य समय से पूरे किए जाएं।
अमित शाह हो सकते हैं दीपोत्सव के मुख्य अतिथि
इस बार अयोध्या के दीपोत्सव में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की चर्चा है। हालांकि, उनके कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है।
भव्य आयोजन की तैयारी में जुटा प्रशासन
दीपोत्सव को लेकर अयोध्या में प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन को यादगार बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से समन्वय बनाकर काम करने और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने को कहा।