भोपाल | मध्य प्रदेश पहली बार एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की मेजबानी करने जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा। इसमें भारत समेत छह देशों की शीर्ष महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट में करीब 150 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगी, जबकि मुकाबलों का लाइव प्रसारण 166 देशों में किया जाएगा। मंगलवार को भोपाल में खेल मंत्री विश्वास सारंग की उपस्थिति में आयोजन से संबंधित एमओयू की प्रक्रिया पूरी की गई। मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे।
भारत समेत छह देशों की टीमें लेंगी हिस्सा
एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत, जापान, चीन, मलेशिया, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड की टीमें भाग लेंगी। करीब 5 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में फ्लडलाइट की रोशनी में डे-नाइट मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष ट्रॉफी टूर भोपाल से शुरू होगा। यह प्रदेश के सभी संभागों तक पहुंचेगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को अंतरराष्ट्रीय हॉकी आयोजन से जोड़ा जा सके।
भोपाल को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय हॉकी के नक्शे पर नई पहचान
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि भोपाल को हॉकी की नर्सरी के रूप में जाना जाता है। मध्य प्रदेश ने कई ऐसे खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन किया है। सरकार का लक्ष्य खेल, खिलाड़ियों और खेल मैदानों का उन्नयन करना है। इस आयोजन से भोपाल को अंतरराष्ट्रीय हॉकी के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी और प्रदेश को वैश्विक खेल केंद्र बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया जैसी पहलों से देश में खेलों को जनआंदोलन बनाने का प्रयास किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में खेल अधोसंरचना और खिलाड़ियों की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
जनजातीय संस्कृति और स्थानीय खानपान को भी मिलेगा मंच
टूर्नामेंट के दौरान प्रदेश की जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और लोककलाओं को बढ़ावा देने के लिए विशेष ट्राइबल फूड और आर्ट स्टॉल लगाए जाएंगे। इससे प्रतियोगिता में आने वाले खिलाड़ियों और दर्शकों को मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
हॉकी में बेटियों का शानदार प्रदर्शन
मध्य प्रदेश में वर्तमान में 27 हॉकी फीडर सेंटर और 13 खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर संचालित हैं। प्रदेश के खिलाड़ी 22 हॉकी एस्ट्रोटर्फ मैदानों पर नियमित अभ्यास कर रहे हैं, जबकि सात नए एस्ट्रोटर्फ का निर्माण जारी है। महिला हॉकी में प्रदेश की खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 18 स्वर्ण, 11 रजत और 7 कांस्य सहित कुल 36 पदक जीते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर बेटियों के नाम 74 स्वर्ण, 34 रजत और 33 कांस्य सहित कुल 141 पदक दर्ज हैं। मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी की सात महिला खिलाड़ी ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी से प्रदेश में खेल पर्यटन, खेल संस्कृति और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।