देवास: देवास में खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अब इस मामले में ट्रक ड्राइवर के सहयोगी और सहचालक आरोपी धीरज को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद थाना बैंक नोट प्रेस क्षेत्र में आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से भागने की कोशिश की। इस दौरान उसने पुलिसकर्मी से हथियार छीनकर हमला करने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल देवास में भर्ती कराया गया है।
पुलिस हिरासत से भागने और हथियार छीनने का प्रयास
देवास पुलिस के मुताबिक, आरोपी धीरज को पुलिस अभिरक्षा में ले जाया जा रहा था। इसी दौरान थाना बैंक नोट प्रेस क्षेत्र में उसने भागने का प्रयास किया। आरोप है कि उसने पुलिसकर्मी से हथियार छीनकर पुलिस टीम पर हमला करने की कोशिश भी की।पुलिस ने आरोपी को रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उसके नहीं रुकने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी। घायल धीरज को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मुख्य आरोपी गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू का भी हुआ था शॉर्ट एनकाउंटर
इससे पहले इसी मामले में ट्रक चालक मुख्य आरोपी गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू का भी पुलिस के साथ शॉर्ट एनकाउंटर हुआ था। पुलिस के मुताबिक, राजोदा और बरोठा के बीच आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला कर भागने का प्रयास किया था।बताया गया कि एसआईटी आरोपी को लेकर खातेगांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया। पुलिसकर्मी टायर बदल रहे थे, तभी आरोपी ने एएसआई की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और भागने लगा।
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, आरोपी गजेंद्र रावत ने पुलिस टीम को रोकने का प्रयास करने पर फायरिंग कर दी थी। इसके बाद एसआईटी ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी से छीनी गई सर्विस रिवॉल्वर भी बरामद कर ली थी। घायल गजेंद्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल देवास में भर्ती कराया गया था।
TI दिलीप पुरी की मौत के मामले में SIT की जांच जारी
गौरतलब है कि खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी अवैध शराब तस्करी रोकने के लिए कार्रवाई कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक से कुचलने की घटना में उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की है।एसआईटी अवैध शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और घटना में शामिल आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। अब ट्रक चालक के सहयोगी धीरज की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे भी पूछताछ करेगी।
देवास शराब कांड में पुलिस की कार्रवाई तेज
टीआई दिलीप पुरी की मौत के मामले में मुख्य आरोपी गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू और उसके सहयोगी धीरज दोनों पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। दोनों आरोपियों के पुलिस अभिरक्षा से भागने के प्रयास के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उनके पैर में गोली लगी है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और अवैध शराब तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।