भोपाल | मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज, 4 नवंबर को बीजेपी की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम से पहले इसमें बड़ा बदलाव हुआ है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का प्रस्तावित भोपाल दौरा रद्द हो गया है। अब उनकी जगह केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पदयात्रा में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की तैयारी है। पार्टी इसे कांग्रेस के खिलाफ बड़े राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश कर रही है।
राजनाथ सिंह की जगह जेपी नड्डा होंगे शामिल
बीजेपी के इस आयोजन में पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने का कार्यक्रम था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी उनके भोपाल आने की जानकारी दी थी। हालांकि, अब कार्यक्रम में बदलाव करते हुए जेपी नड्डा को शामिल करने का निर्णय लिया गया है। राजनाथ सिंह का दौरा रद्द होने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है। जेपी नड्डा की मौजूदगी से पार्टी के इस आयोजन को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अटल पथ से सुबह 10 बजे शुरू होगी पदयात्रा
भोपाल के टीटी नगर स्थित अटल पथ पर सुबह 10 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। बीजेपी के प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया के मुताबिक, पदयात्रा प्लेटिनम प्लाजा के पास अटल पथ से शुरू होकर रोशनपुरा की ओर जाएगी। पार्टी ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को शामिल करने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन के पदाधिकारी तैयारियों की समीक्षा कर चुके हैं।
हर विधानसभा से 10 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य
भोपाल और नर्मदापुरम संभाग की अलग-अलग विधानसभा सीटों से कार्यकर्ताओं को लाने की जिम्मेदारी पार्टी पदाधिकारियों को सौंपी गई है। हर विधानसभा से करीब 10-10 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। बीजेपी की योजना इस आयोजन के जरिए राजधानी में अपनी संगठनात्मक ताकत और जनसमर्थन दिखाने की है।
कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का राजनीतिक अभियान
इससे पहले इंदौर और जबलपुर में भी 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत बीजेपी पदयात्रा निकाल चुकी है। जबलपुर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा था। बीजेपी इस अभियान के जरिए चुनाव आयोग, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर कांग्रेस की ओर से लगाए जा रहे आरोपों का राजनीतिक जवाब देना चाहती है।
भोपाल में ट्रैफिक डायवर्जन, 50 हजार लोगों के आने का अनुमान
पदयात्रा को देखते हुए भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने प्रमुख रास्तों पर डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की है। पुलिस के अनुमान के मुताबिक, कार्यक्रम में 40 से 50 हजार लोग शामिल हो सकते हैं। इसके लिए करीब 1,200 बसों और 2,000 चारपहिया वाहनों के शहर में पहुंचने की संभावना जताई गई है। ऐसे में अटल पथ, प्लेटिनम प्लाजा और रोशनपुरा के आसपास यातायात प्रभावित हो सकता है। वाहन चालकों को ट्रैफिक पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।