मुंबई - बॉलीवुड में अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग और अलग अंदाज से दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाले अभिनेता राजपाल यादव एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि एक मजेदार खुलासा है। अभिनेता ने अपनी फिल्मों में होने वाली पिटाई को उनकी सफलता से जोड़ते हुए इसे अपना लकी चार्म बताया है। उनका कहना है कि जिन फिल्मों में उनके किरदार की पिटाई होती है, वे बॉक्स ऑफिस पर सफल हो जाती हैं। राजपाल का यह मजाकिया जवाब सुनकर शो में मौजूद लोग हंसने लगे।
रोहित शर्मा के शो में पहुंचे राजपाल यादव
दरअसल, राजपाल यादव हाल ही में रोहित शर्मा के शो 'फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा' में मेहमान बनकर पहुंचे थे। बातचीत के दौरान होस्ट रोहित ने अभिनेता की फिल्मों से जुड़ी एक दिलचस्प बात उठाई। उन्होंने गौर किया कि राजपाल की कई लोकप्रिय फिल्मों में उनके किरदार के साथ मारपीट या पिटाई वाले दृश्य देखने को मिलते हैं।
रोहित ने इसी बात को लेकर मजाकिया अंदाज में सवाल किया। उन्होंने कहा कि 'भागम भाग', 'खट्टा मीठा' और 'भूल भुलैया' सहित उनकी कई फिल्मों में एक चीज समान है और वह है राजपाल यादव की पिटाई। इसके बाद उन्होंने अभिनेता से पूछा कि क्या फिल्मों में पिटना ही उनके लिए लकी चार्म साबित होता है?
राजपाल के जवाब ने जीत लिया दिल
रोहित शर्मा के सवाल पर राजपाल यादव ने भी अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा, ''हां, जिसमें हम पिटते थे, वो फिल्म हिट होती है।'' अभिनेता की यह बात सुनते ही शो में मौजूद लोग जोर-जोर से हंसने लगे। दर्शकों ने भी तालियां बजाकर उनके जवाब पर प्रतिक्रिया दी।
राजपाल का यह अंदाज एक बार फिर बताता है कि पर्दे पर लोगों को हंसाने वाले अभिनेता वास्तविक जिंदगी में भी अपनी हाजिरजवाबी से माहौल खुशनुमा बना देते हैं। उनकी कॉमेडी की खासियत यही है कि वह छोटे-से संवाद और सामान्य परिस्थिति को भी मजेदार बना देते हैं।
इन फिल्मों में पिटाई वाले किरदारों ने खूब हंसाया
राजपाल यादव ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई यादगार कॉमेडी किरदार निभाए हैं। उनकी फिल्मों में अक्सर ऐसे किरदार देखने को मिले हैं, जो किसी न किसी परेशानी या उलझन में फंस जाते हैं। इन परिस्थितियों में उनके साथ होने वाली मारपीट और मजेदार घटनाएं कहानी में हास्य का तड़का लगाती हैं।
साल 2006 में रिलीज हुई फिल्म 'भागम भाग' में राजपाल यादव ने गुल्लू का किरदार निभाया था। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार और गोविंदा भी नजर आए थे। फिल्म में उनकी कॉमिक टाइमिंग और मजेदार हरकतों को दर्शकों ने काफी पसंद किया।
वहीं, साल 2007 में आई फिल्म 'भूल भुलैया' में उनका छोटा पंडित का किरदार बेहद लोकप्रिय हुआ। इस भूमिका में राजपाल ने अपने अभिनय और संवाद अदायगी से दर्शकों को खूब हंसाया। फिल्म में उनका किरदार कई अजीब और उलझन भरी परिस्थितियों में फंसता दिखाई दिया था।
कॉमेडी फिल्मों में बनाई खास पहचान
राजपाल यादव ने 'हंगामा', 'वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम', 'चुप चुप के', 'ढोल', 'पार्टनर', 'दे दना दन' और 'फिर हेरा फेरी' जैसी फिल्मों में भी शानदार अभिनय किया है। इन फिल्मों में उनके निभाए गए किरदार आज भी दर्शकों के बीच याद किए जाते हैं।
उनकी खासियत यह है कि वह छोटे से छोटे रोल में भी अपनी अलग छाप छोड़ देते हैं। यही वजह है कि दर्शक उनकी कॉमेडी और स्क्रीन प्रेजेंस को पसंद करते हैं। अब रोहित शर्मा के शो में दिया गया उनका यह बयान भी चर्चा में है। हालांकि, फिल्मों में पिटाई को हिट होने का कारण बताना अभिनेता का मजाकिया अंदाज था, लेकिन इस जवाब ने उनके प्रशंसकों को खूब हंसाया।