मध्य प्रदेश के खजुराहो में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने नए मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि साल 2014 के बाद भारत भ्रष्टाचार मुक्त हो गया है। तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी पलटवार किया है कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारत भ्रष्टाचार मुक्त नहीं हो पाया है मगर भारतीय जनता पार्टी जरूर कांग्रेस युक्त हो गई है।
मतदाताओं को संबोधित किया
दरअसल, मध्य प्रदेश की खजुराहो लोकसभा सीट पर भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं का अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी विष्णु दत्त शर्मा ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने पहली बार वोट डालने जा रहे मतदाताओं को संबोधित भी किया।
पीएम मोदी की दस्तक के बाद भ्रष्टाचार खत्म हो गया
वीडी शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, साल 2014 के पहले भारत में भ्रष्टाचार व्याप्त था लेकिन पीएम मोदी की दस्तक के बाद भ्रष्टाचार खत्म हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी खुद इस बात को मंच से बोलते थे कि जब सरकार 1 रुपये गरीबों के लिए सेंट्रल से भेजती है तो 85 पैसे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते हैं।
कांग्रेस के कार्यकाल में विकास हुआ
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता मुकेश नायक ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा है कि देश में कांग्रेस के कार्यकाल में जो विकास हुआ है वह जनता भली-भांति जानती है और वर्तमान में जो भ्रष्टाचार हो रहा है, वह भी अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं मगर भारतीय जनता पार्टी खुद कांग्रेस युक्त हो गई है।
Comments (0)