जयपुर।राजस्थान में मानसून की विदाई के बाद मौसम ने फिर गर्म तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान झुंझुनूं के पिलानी में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री तक अधिक रहा, जिसके चलते दिन में तेज गर्मी और गर्म हवाओं का असर देखने को मिला।वहीं, रात के तापमान में गिरावट से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की ठंडक भी महसूस होने लगी है। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जिससे यहां देर शाम से सुबह तक गुलाबी सर्दी का अहसास होने लगा है।
पश्चिमी राजस्थान में दिन के समय तेज गर्मी
रविवार को पिलानी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा श्रीगंगानगर में 40.6, चूरू में 40.2, बीकानेर में 40.1, जैसलमेर में 39.7 और बाड़मेर में 39.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।जोधपुर में 38.7, टोंक में 38.6, चित्तौड़गढ़ और अलवर में 38.2 तथा फलोदी में 38 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। जैसलमेर, चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर और बाड़मेर समेत कई पश्चिमी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री तक ऊपर रहा।
पूर्वी जिलों में भी सामान्य से ऊपर रहा पारा
पश्चिमी राजस्थान के साथ अलवर, टोंक, जयपुर, सीकर और करौली समेत पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज हुआ। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में धूप रही।जहां पश्चिमी जिलों में दिन का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहा, वहां गर्म हवा का असर भी महसूस किया गया।
राजस्थान-पाकिस्तान सीमा के पास एंटी साइक्लोन का असर
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक राजस्थान और पाकिस्तान की सीमा के आसपास एंटी साइक्लोन बनने के कारण सतही स्तर पर गर्म हवाएं चल रही हैं। इन हवाओं की रफ्तार करीब 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक बताई गई है। इसी वजह से पश्चिमी राजस्थान में दिन के समय गर्मी का असर बढ़ा हुआ है।
रात में बढ़ने लगी ठंडक, माउंट आबू सबसे ठंडा
दिन में तेज गर्मी के बीच प्रदेश के कुछ शहरों में रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। उदयपुर, सिरोही, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, पाली, टोंक और भीलवाड़ा में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे दर्ज हो रहा है।रविवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान माउंट आबू में 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां देर शाम से सुबह तक मौसम में गुलाबी सर्दी का अहसास होने लगा है।
अगले एक सप्ताह कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, आज से राजस्थान में मौसम ड्राई रहने की संभावना है। प्रदेश में धूप खिली रहेगी और अगले एक सप्ताह तक बारिश की संभावना नहीं है।हालांकि तापमान में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव होने की उम्मीद नहीं है। दिन के समय अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 30 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि रात में न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।