मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज महाराष्ट्र दौरे पर रहेंगे। सीएम सुबह 11:30 बजे भोपाल से पुणे के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1:00 बजे शिवश्रष्टि थीम पार्क पुणे पहुंचेंगे, दोपहर 1.30 बजे पुणे में शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित थीम पार्क शिवसृष्टि का भ्रमण करेंगे। महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। दोपहर 3.30 बजे रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी संस्थान में कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाम 7.40 सीएम मोहन का पुणे से भोपाल आगमन होगा।
शिव-सृष्टि’ का भ्रमण कर अवलोकन करेंगे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव अम्बेगांव (पुणे) में एशिया के एकमात्र ऐतिहासिक थीम पार्क ‘शिव-सृष्टि’ का भ्रमण कर अवलोकन करेंगे। महाराजा शिव-छत्रपति प्रतिष्ठान ट्रस्ट द्वारा संचालित ‘शिव-सृष्टि’ थीम पार्क का उद्देश्य छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और उनके संघर्ष को जीवंत करना है। ‘शिव-सृष्टि’ थीम पार्क 21 एकड़ भूमि पर फैला है, जिसकी अनुमानित लागत 438 करोड़ 68 लाख रुपये है। अब तक इस मेगा प्रोजेक्ट के दो चरण पूरे हो चुके हैं।
मेगा टूरिज्म प्रोजेक्ट’ का दर्जा मिला
पहले चरण में सरकारवाड़ा के अंतर्गत महाराष्ट्र के किलों की प्रदर्शनी, छत्रपति शिवाजी महाराज के आगरा से बच निकलने की कहानी, रायगढ़ का 5डी-शो, शस्त्रों की प्रदर्शनी और शिवाजी महाराज के जीवन पर केन्द्रित अन्य इंटरैक्टिव अनुभव शामिल हैं। दूसरे चरण में रोटेशनल प्लेटफार्म पर ‘स्वराज्य, स्व-धर्म, स्व-भाषा’ शो विकसित किया गया है, जिसे एक बार में 100 लोग देख सकते हैं। तीसरे चरण में प्रवेश द्वार (रंग मंडल), राजसभा का निर्माण, डार्क राइड, तटबंध, लैंडस्केप और ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। इस थीम पार्क को ‘मेगा टूरिज्म प्रोजेक्ट’ का दर्जा मिला है। अब तक 70 हज़ार से अधिक लोग इसका भ्रमण कर चुके हैं।
Comments (0)