मध्यप्रदेश की 6 लोकसभा सीट पर पहले चरण का प्रचार बुधवार शाम थम गया। प्रथम चरण की सभी 6 लोकसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी ने सघन प्रचार- प्रसार किया। वहीं कांग्रेस ने भी इन सीटों को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। 6 सीट पर 91 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत अजमा रहे हैं। पहले चरण में विंध्य-महाकौशल की सभी सीट पर प्रमुख रूप से भाजपा-कांग्रेस के बीच मुकाबला माना जा रहा है।
जबलपुर लोकसभा सीट
जबलपुर संसदीय सीट पर भाजपा-कांग्रेस में प्रमुख मुकाबला है। दोनों ही दल ने नया चेहरा उतारा है। भाजपा ने पूर्व जिला ग्रामीण अध्यक्ष आशीष दुबे तो कांग्रेस ने भी पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यादव को प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारा है।
जबलपुर सीट पर एक नजर
कुल प्रत्याशी - 19
कुल मतदान केंद्र -2130
छिंदवाड़ा लोकसभा सीट
देशभर की नजर प्रदेश की छिंदवाड़ा सीट पर है। यहां कांग्रेस से पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ दूसरी बार चुनाव मैदान में हैं। वहीं भाजपा की ओर से विवेक बंटी साहू चुनावी मैदान में हैं।बंटी इसके पूर्व विधानसभा चुनाव में खड़े हुए थे और पराजित हो गए थे। मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस में हैं।
बालाघाट-सिवनी संसदीय सीट
आदिवासी बाहुल्य और नक्सल प्रभावित सीट में कल 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान होगा। इस बार भी इस सीट से त्रिकोणीय मुकाबला होगा। भाजपा ने नगर पालिका बालाघाट के वार्ड पार्षद और पूर्व जिला पंचायत सदस्य को टिकट दी है। वहीं, कांग्रेस ने लंबे इंतजार के बाद बालाघाट-सिवनी सीट से अपने अधिकृत प्रत्याशी की चौंकाने वाली घोषणा की और जिला पंचायत अध्यक्ष और बालाघाट विधानसभा सीट से पूर्व विधायक अशोक सिंह सरस्वार के पुत्र सम्राट सिंह सरस्वार को टिकट देकर नए चेहरे पर दांव खेला।
दो बड़े दलों के सामने बसपा प्रत्याशी व पूर्व सांसद कंकर मुंजारे त्रिकोणीय मुकाबले की तीसरी ताकत के रूप में हैं। तीनों प्रत्याशियों में भाजपा की भारती पारधी आगे नजर आ रहीं हैं।
कुल मतदान केंद्र- 2321
बालाघाट जिले में मतदान केंद्र- 1675
सिवनी जिले में मतदान केंद्र- 646
मंडला लोकसभा सीट
मंडला संसदीय क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते और कांग्रेस प्रत्याशी ओंकार सिंह मरकाम के बीच ही सीधा मुकाबला है।आठवीं बार चुनाव मैदान में उतरे फग्गन सिंह इसी लोकसभा क्षेत्र से छह बार जीत दर्ज कर चुके हैं। कुलस्ते को वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में अपने संसदीय क्षेत्र और गृह जिले की निवास विधानसभा से हार का सामना करना पड़ा था।
शहडोल लोकसभा सीट
लोकसभा सीट शहडोल के लिए पहले चरण में 19 अपैल को मतदान होना है। यहां 17 लाख मतदाता हैं, जो दस प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इस बार भाजपा प्रत्याशी एवं सांसद हिमाद्री सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी एवं विधायक फुंदेलाल सिंह के बीच ही मुकाबला है। इनके अलावा बसपा, गोड़वाना गणतंत्र पार्टी और कम्युनिष्ट पार्टी सहित देा निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं ,लेकिन उनके प्रति जनता को कोई रुझान नहीं है। प्रत्याशियों की घोषणा के बाद से ही यहां भाजपा और कांग्रेस के बीच ही मुकाबला दिखना शुरू हो गया था,जो आखिरी तक बना रहा।
सीधी लोकसभा सीट
संसदीय क्षेत्र सीधी में भाजपा के डॉ राजेश मिश्रा और कांग्रेस के कमलेश्वर पटेल के बीच सीधा मुकाबला है। अजय प्रताप सिंह राज्यसभा सदस्य भाजपा टिकट नहीं मिलने से बगावत कर मैदान में हैं। सीधी संसदीय सीट में तीन जिले की विधानसभा शामिल हैं। भाजपा के डॉ राजेश मिश्रा पहली बार चुनाव मैदान में हैं तो वहीं कांग्रेस के कमलेश्वर पटेल 10 बर्ष कांग्रेस से सिहावल विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं, हाल ही के विधानसभा चुनाव में करारी हार मिली है।
Comments (0)