रायपुर। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने छत्तीसगढ़ में पार्टी के विस्तार को लेकर बड़ा बयान दिया है। रायपुर दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ उन राज्यों में शामिल है, जहां उनके पिता और रामविलास पासवान के समर्थक बड़ी संख्या में रहे हैं। पार्टी अब राज्य में अपना संगठन मजबूत करने के साथ चुनावी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
छत्तीसगढ़ को बताया प्राथमिकता वाला राज्य
चिराग पासवान ने कहा कि छत्तीसगढ़ पार्टी के लिए प्राथमिकता वाले राज्यों में शामिल है। उनके मुताबिक, राज्य में उनके पिता रामविलास पासवान से जुड़ा पुराना जनसमर्थन मौजूद है और पार्टी का संगठन भी यहां मजबूत स्थिति में है।
इसी आधार पर LJP (रामविलास) छत्तीसगढ़ में अपनी राजनीतिक गतिविधियों का विस्तार करने और आने वाले चुनावों में उतरने की तैयारी कर रही है। पार्टी की ओर से राज्य इकाई को मजबूत करने और संगठन में आवश्यक नियुक्तियां करने की भी योजना है।
रायपुर में युवा संवाद कार्यक्रम में पहुंचे चिराग
चिराग पासवान रविवार दोपहर रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से वह सीधे जेल रोड स्थित मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित ‘युवा संवाद 2026’ कार्यक्रम में शामिल हुए और युवाओं से बातचीत की।इस दौरान उन्होंने युवाओं के साथ संवाद को जरूरी बताते हुए उनकी भागीदारी और विचारों को महत्व देने की बात कही। रायपुर दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ में पार्टी के संगठन विस्तार को लेकर भी उन्होंने अपनी रणनीति स्पष्ट की।
संगठन मजबूत होने के बाद चुनावी तैयारी
चिराग पासवान ने संकेत दिया कि छत्तीसगढ़ में संगठन को मजबूत करने के बाद पार्टी चुनावी राजनीति में सक्रिय रूप से उतरेगी। हालांकि, कितनी सीटों पर चुनाव लड़ा जाएगा, इसे लेकर कोई संख्या सामने नहीं रखी गई है।पार्टी की रणनीति में पहले राज्य इकाई को मजबूत करना, संगठन में जिम्मेदारियां तय करना और फिर चुनावी गतिविधियों को विस्तार देना शामिल है।