मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने राजधानी भोपाल में 77वें गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। लाल परेड ग्राउंड में उन्होंने झंडा वंदन किया और परेड की सलामी ली। इस परेड में 23 प्लाटून, अश्वरोही दल, शौर्य दल और डॉग स्क्वाड ने भाग लिया। इसके साथ ही राज्यपाल ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर, संविधान सभा के सभी सदस्यों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
आज पूरा देश देशभक्ति, गर्व और आत्मविश्वास से भरा हुआ है
राज्यपाल ने देश और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि यह दिन हमारे संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्र के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज पूरा देश देशभक्ति, गर्व और आत्मविश्वास से भरा हुआ है।
मंगूभाई पटेल ने कहा कि मध्य प्रदेश को बाबा साहेब अंबेडकर की जन्मस्थली होने का गौरव प्राप्त है और उनके सामाजिक न्याय, समता और बंधुत्व के विचार आज भी हमारे मार्गदर्शन के स्तंभ हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर सशक्त, आत्मविश्वासी और सम्मानित राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। गरीब, युवा, अन्नदाता और महिलाओं को विकास के केंद्र में रखकर देश को आगे बढ़ाया जा रहा है। साथ ही, प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
Comments (0)