रायपुर: छठ पूजा के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रायपुर रेल मंडल में विशेष व्यवस्था की है। इसके तहत बिहार की ओर जाने वाली तीन ट्रेनों का संचालन 14 नवंबर 2026 तक रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 से किया जाएगा। वहीं यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दुर्ग से निजामुद्दीन के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन भी चलाई जा रही है। यह ट्रेन 15 नवंबर को दुर्ग से रवाना होगी।
14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म नंबर-7 से चलेंगी 3 ट्रेनें
रेलवे के अनुसार, छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुविधा और स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तीन ट्रेनों के प्लेटफॉर्म में बदलाव किया गया है। ये ट्रेनें 14 नवंबर तक रायपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 से रवाना होंगी।
इनमें शामिल हैं
15160 दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस
15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस
13287 दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस
इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्री गुढ़ियारी की ओर बने प्रवेश द्वार से सीधे प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर पहुंच सकेंगे।
15 नवंबर को दुर्ग से चलेगी पूजा स्पेशल ट्रेन
छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दुर्ग-निजामुद्दीन-दुर्ग के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है।गाड़ी संख्या 08751 दुर्ग-निजामुद्दीन स्पेशल 15 नवंबर को सुबह 10:45 बजे दुर्ग स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन सुबह 11:20 बजे रायपुर पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद आगे के लिए रवाना हो जाएगी।ट्रेन अगले दिन सुबह 11:10 बजे निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचेगी।
16 नवंबर को निजामुद्दीन से होगी वापसी
वापसी में गाड़ी संख्या 08752 निजामुद्दीन-दुर्ग स्पेशल 16 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे निजामुद्दीन से रवाना होगी।
यह ट्रेन मथुरा, आगरा कैंट, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, सागर, दमोह और कटनी मुड़वारा होते हुए अगले दिन सुबह 4:18 बजे उमरिया पहुंचेगी।इसके बाद ट्रेन शहडोल, अनूपपुर, पेंड्रारोड और उसलापुर होते हुए दोपहर 12:10 बजे रायपुर पहुंचेगी। रायपुर में पांच मिनट रुकने के बाद दोपहर 1:45 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
20 कोच के साथ चलेगी पूजा स्पेशल
दुर्ग-निजामुद्दीन पूजा स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग श्रेणियों के कोच शामिल रहेंगे।
ट्रेन में कोचों की व्यवस्था इस प्रकार है
4 जनरल कोच
11 स्लीपर कोच
2 एसी थर्ड कोच
1 एसी सेकंड कोच
2 एसएलआरडी कोच
इस ट्रेन का ठहराव रायपुर, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया स्टेशनों पर रहेगा।
यात्रियों से रेलवे की अपील, यात्रा से पहले जांच लें प्लेटफॉर्म
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेन के समय और प्लेटफॉर्म की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। इसके लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES और RailOne ऐप की मदद ली जा सकती है।त्योहार के दौरान स्टेशन पर भीड़ की संभावना को देखते हुए यात्रियों को समय से पहले स्टेशन पहुंचने की सलाह भी दी गई है।