रायपुर: छत्तीसगढ़ में कैंसर मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 137 दवाओं की कीमतों में कटौती की गई है। नई दरें 9 नवंबर 2026 से लागू हो चुकी हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सभी दवा कंपनियों, मेडिकल स्टोर, अस्पतालों और कैंसर उपचार केंद्रों को नई कीमतों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। अब अस्पतालों और मेडिकल स्टोर को नई रेट लिस्ट ऐसी जगह लगानी होगी, जहां मरीज और उनके परिजन आसानी से उसे देख सकें। तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कैंसर की 137 दवाओं की कीमतें हुईं कम
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के नियंत्रक के मुताबिक, केंद्र सरकार के राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) ने 17 अक्टूबर 2026 को 137 कैंसर रोधी दवाओं की कीमतों में संशोधन का आदेश जारी किया था।इसका उद्देश्य कैंसर के इलाज पर होने वाले खर्च को कम करना और दवाओं की कीमतों में कटौती का सीधा फायदा मरीजों तक पहुंचाना है।नई कीमतें 9 नवंबर से लागू हो चुकी हैं। ऐसे में अब दवा विक्रेताओं और अस्पतालों को संशोधित दरों के अनुसार ही मरीजों को दवाएं उपलब्ध करानी होंगी।
अस्पतालों और मेडिकल स्टोर पर लगानी होगी नई रेट लिस्ट
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सभी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और दवा दुकानों को नई कीमतों की सूची प्रमुख स्थानों पर लगाने के निर्देश दिए हैं।नई रेट लिस्ट ऐसी जगह होनी चाहिए, जहां मरीज और उनके परिजन आसानी से दवाओं की कीमत देख सकें। अस्पताल चाहें तो अपनी वेबसाइट पर भी यह सूची उपलब्ध करा सकते हैं।इसके अलावा अस्पतालों को कैंसर की दवाओं की पुरानी और नई कीमतों का मिलान करना होगा, ताकि मरीजों से संशोधित दरों के अनुसार ही पैसे लिए जाएं।
तय कीमत से ज्यादा वसूली पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कोई अस्पताल, मेडिकल स्टोर या दवा विक्रेता कैंसर की दवाओं के लिए निर्धारित कीमत से ज्यादा पैसे वसूलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।ऐसे मामलों में औषधि मूल्य नियंत्रण आदेश 2013 और अन्य लागू नियमों के तहत कार्रवाई हो सकती है।जांच के दौरान संबंधित संस्थानों को अधिकारियों को जरूरी दस्तावेज और जानकारी उपलब्ध करानी होगी। प्रशासन ने दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि मरीजों को इलाज के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
कैंसर की दवाओं के ज्यादा पैसे मांगे तो यहां करें शिकायत
अगर किसी मरीज से कैंसर की दवा के लिए निर्धारित कीमत से ज्यादा पैसे लिए जाते हैं या मेडिकल स्टोर पर दवा उपलब्ध नहीं होती है, तो संबंधित विभाग में शिकायत की जा सकती है।
शिकायत के लिए प्रमुख संपर्क माध्यम
छत्तीसगढ़ मूल्य निगरानी एवं संसाधन इकाई: 9340597097
NPPA हेल्पलाइन: 1800-111-255
ईमेल: cg-pmru@cg.gov.in
NPPA ईमेल: monitoring-nppa@gov.in
नियंत्रक कार्यालय: controllerraipur@gmail.com
ऑनलाइन शिकायत: फार्मा सही दाम ऐप या पोर्टल
मरीज दवा खरीदते समय जरूर जांचें नई कीमत
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कैंसर मरीजों और उनके परिजनों से अपील की है कि दवा खरीदते समय नई निर्धारित कीमत जरूर जांचें।अगर कोई मेडिकल स्टोर या अस्पताल तय कीमत से ज्यादा पैसे मांगता है या दवा देने से इनकार करता है, तो इसकी शिकायत संबंधित विभाग में करें। प्रशासन का कहना है कि दवाओं की कीमतों में कटौती का लाभ सीधे मरीजों तक पहुंचना चाहिए।