छिंदवाड़ा में एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। सिवनी–बैतूल स्पेशल ट्रेन के तीन डिब्बे चलती ट्रेन से अचानक अलग हो गए, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य शुरू किया और सुरक्षा जांच के बाद डिब्बों को दोबारा जोड़ दिया गया। करीब आधे घंटे तक ट्रेन मौके पर खड़ी रही। मरम्मत और जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने ट्रेन को आगे के सफर की अनुमति दी, जिसके बाद ट्रेन बैतूल की ओर रवाना हुई।
छिंदवाड़ा स्टेशन से निकलते ही हुआ हादसा
छिंदवाड़ा जंक्शन से होकर गुजरने वाली सिवनी–बैतूल स्पेशल पैसेंजर ट्रेन सोमवार सुबह एक गंभीर हादसे से बाल-बाल बच गई। ट्रेन सुबह करीब 8 बजे छिंदवाड़ा स्टेशन से बैतूल के लिए रवाना हुई थी। स्टेशन से कुछ ही दूरी पर चार फाटक के पास जब ट्रेन रफ्तार पकड़ रही थी, तभी तेज धमाके की आवाज के साथ यात्रियों से भरे तीन डिब्बे इंजन से अलग हो गए।
हो सकता था बड़ा हादसा
अचानक हुई इस घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्रियों ने तेज झटके महसूस किए, जबकि धमाके की आवाज से कुछ देर के लिए ट्रेन में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। एहतियातन बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन से उतर गए और डिब्बों के अलग होने की वजह जानने के लिए ट्रैक किनारे जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि यह घटना अधिक गति में या कुछ दूरी आगे होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
आधे घंटे तक थमे रहे पहिये
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। प्राथमिक जांच में कपलिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। कर्मचारियों ने तुरंत सुधार कार्य शुरू किया और सुरक्षा जांच के बाद डिब्बों को दोबारा जोड़ा गया। करीब आधे घंटे बाद मरम्मत कार्य पूरा हुआ, जिसके बाद रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन को आगे के सफर के लिए रवाना करने की अनुमति दी।
Comments (0)