प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। कुछ दिनों की हल्की राहत के बाद ठंड ने जोरदार वापसी की है। प्रदेशभर में रात का तापमान तेजी से गिरा है और सुबह घना कोहरा तथा ठंडी हवाओं ने सरगुजा और बिलासपुर संभाग में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
अंबिकापुर में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 5 से 7 जनवरी के बीच प्रदेश के कई जिलों में एक-दो स्थानों पर घना कोहरा और शीतलहर चल सकती है। बिलासपुर भी इससे अछूता नहीं रहेगा। विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिनों में रात का तापमान दो से तीन डिग्री तक और गिर सकता है, जिससे अलाव, गर्म कपड़े और सावधानी की जरूरत बढ़ जाएगी।मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को प्रदेश में न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सर्वाधिक तापमान दुर्ग में 30.9 डिग्री रहा। उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
तापमान में लगभग 1.8 डिग्री की गिरावट
न्यायधानी में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात ठंड अचानक बढ़ गई। जहां एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस था, वहीं सोमवार सुबह यह गिरकर 12.6 डिग्री पर पहुंच गया। यानी रात के तापमान में लगभग 1.8 डिग्री की गिरावट हुई। ठंडी हवाओं ने ठिठुरन का एहसास कहीं ज्यादा करा दिया।सोमवार सुबह शहर हल्के से मध्यम कोहरे की चादर में लिपटा रहा। दृश्यता कम होने के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। दिन में कोहरा छंटा, लेकिन धूप में गर्मी की तीव्रता कम रही। हवा में नमी और ठंडक बनी रही, जिससे दिन में भी हल्की सिहरन महसूस होती रही।
पेंड्रारोड में कड़ाके की ठंड
पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण पेंड्रारोड में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। यहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और रात के समय घना कोहरा छा रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोग अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं।
कोहरा और शीतलहर से सावधानी
कोहरे के दौरान वाहन धीमी गति से चलाएं, फॉग लाइट का उपयोग करें।
ठंड से बचने के लिए ऊनी कपड़े पहनें।
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
सुबह-शाम अनावश्यक बाहर निकलने से बचें।
गर्म पेय का सेवन करें।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 5 से 7 जनवरी तक बिलासपुर सहित कई जिलों में घना कोहरा और शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। रात के तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट संभव है। किसानों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Comments (0)