मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को दिल्ली दौरे के दौरान केंद्र सरकार के तीन प्रमुख मंत्रियों से मुलाकात कर प्रदेश से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण,केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर.पाटिल से अलग-अलग बैठकों में प्रदेश के आर्थिक, कृषि और जल संसाधन से जुड़े विषयों पर विस्तृत बातचीत की।
वित्त मंत्री से मुलाकात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली के संसद भवन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। इस दौरान राज्य के आर्थिक मुद्दों और विभिन्न विभागों की बकाया राशि को लेकर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने मुलाकात को सकारात्मक बताते हुए कहा कि वित्त मंत्री ने भरोसा दिलाया है कि 31 मार्च से पहले विभिन्न विभागों का बकाया जल्द जारी कर दिया जाएगा। इसके साथ ही उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महापर्व के आयोजन के लिए भी वित्तीय सहयोग देने का आश्वासन दिया गया है।
केंद्र के सहयोग से तेज विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मध्यप्रदेश को मिल रहे सहयोग के कारण प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने वित्त मंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि केंद्र की मदद से कई क्षेत्रों में मध्यप्रदेश देश में आदर्श स्थिति में पहुंचा है और विकास की गति लगातार बढ़ रही है।
शिवराज सिंह चौहान से कृषि मुद्दों पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली के कृषि भवन में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात की। बैठक में कृषि और उद्यानिकी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान सरसों की भावांतर योजना को लेकर स्वीकृति पत्र दिया गया, वहीं अरहर की 100 प्रतिशत खरीदी को भी मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसान कल्याण और ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
ग्रामीण विकास और आवास योजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में नए आवास उपलब्ध कराने और पुराने आवासों के लक्ष्य को पूरा करने में मध्यप्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास के क्षेत्र में प्रदेश की नंबर-वन स्थिति आगे भी बरकरार रहेगी।
जल शक्ति मंत्री से भी मुलाकात
इसके अलावा मुख्यमंत्री मोहन यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटील से उनके निवास स्थान पर मुलाकात कर प्रदेश से जुड़े जल संसाधन और जल प्रबंधन से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में जल परियोजनाओं और जल संसाधन के बेहतर उपयोग को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव की इन अहम बैठकों को मध्यप्रदेश के विकास, किसानों के हित और जल संसाधन प्रबंधन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। केंद्र और राज्य के समन्वय से प्रदेश में विकास कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Comments (0)