मध्यप्रदेश में मार्च के पहले पखवाड़े में ही गर्मी ने तेज तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। राजस्थान से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण प्रदेश के कई जिलों में लू जैसे हालात बन गए हैं। बुधवार को रतलाम में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि अन्य जिलों में पारा 37 से 39 डिग्री के बीच रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिन गर्मी का असर रहेगा, लेकिन 14 मार्च के बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
रतलाम में 40 डिग्री पार पहुंचा पारा
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रतलाम जिले में 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा धार, नर्मदापुरम, गुना, इंदौर, खजुराहो और टीकमगढ़ में भी तापमान 38 से 39 डिग्री के करीब रहा। मार्च के शुरुआती दिनों में ही इस तरह की गर्मी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी है।मौसम विभाग के अनुसार सामान्यत: मार्च के दूसरे पखवाड़े के अंत तक तापमान 40 डिग्री तक पहुंचता है, लेकिन इस बार गर्मी ने पहले ही दस्तक दे दी है।
राजस्थान की गर्म हवाओं का असर
राजस्थान में तापमान बढ़ने और नमी कम होने के कारण वहां से आने वाली गर्म और शुष्क हवाएं मध्य प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही हैं। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के तापमान में 3 से 5 डिग्री और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री तक वृद्धि दर्ज की गई। रतलाम में तापमान सामान्य से 7.2 डिग्री अधिक दर्ज हुआ, जिससे वहां लू जैसी स्थिति बन गई।
14 मार्च से मौसम में बदलाव के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। हालांकि अगले तीन दिनों तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।
प्रमुख शहरों का तापमान
प्रदेश के चार बड़े शहरों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
भोपाल: अधिकतम 36.4°C, न्यूनतम 16°C
इंदौर: अधिकतम 38°C, न्यूनतम 15.8°C
ग्वालियर: अधिकतम 37.7°C, न्यूनतम 18.8°C
जबलपुर: अधिकतम 36.5°C, न्यूनतम 18°C