आईसीसी ने टी20 बल्लेबाजों की नई रैंकिंग जारी कर दी है। भारत के बाएं हाथ के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने अपना पहला स्थान बरकरार रखा है। आईसीसी की ताजा रैंकिंग में वह नंबर-1 पर बने हुए हैं। ICC Men's T20 World Cup 2026 में शुरुआती मुकाबलों में खराब फॉर्म के बावजूद अभिषेक ने फाइनल में 21 गेंदों पर 52 रन की तेज पारी खेली, जिसकी बदौलत वह शीर्ष स्थान बचाने में सफल रहे।
ईशान किशन ने हासिल की करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला है। उन्होंने टी20 विश्व कप 2026 में 9 मैचों की 9 पारियों में 317 रन बनाए। रैंकिंग में उन्हें दो स्थान का फायदा हुआ है और वह दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। यह उनके करियर की अब तक की सर्वश्रेष्ठ टी20 रैंकिंग है। विश्व कप फाइनल में उन्होंने 25 गेंदों पर 54 रन की अहम पारी खेली थी।
टॉप-5 में इन खिलाड़ियों का दबदबा
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान एक स्थान नीचे खिसककर तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के Phil Salt चौथे स्थान पर हैं। वहीं श्रीलंका के पाथुम निसांका पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।
अन्य खिलाड़ियों की रैंकिंग में बदलाव
न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम साइफर्ट को चार स्थान का फायदा हुआ है और वह छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। भारत के तिलक वर्मा एक स्थान के नुकसान के साथ सातवें स्थान पर हैं, जबकि दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस आठवें नंबर पर हैं। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को दो स्थान का नुकसान हुआ है और वह नौवें स्थान पर खिसक गए हैं। इंग्लैंड के जोस बटलर भी एक स्थान नीचे खिसककर दसवें नंबर पर पहुंच गए हैं।
युवा खिलाड़ियों की बड़ी छलांग
इंग्लैंड के युवा बल्लेबाज जैकब बेथल, जिन्होंने भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में शतक लगाया था, उन्हें 17 स्थान का फायदा हुआ है और वह 16वें स्थान पर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के फिन एलन सात स्थान की छलांग लगाकर 20वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं भारत के संजू सैमसन को 18 स्थान का फायदा हुआ है और वह 22वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
Comments (0)