छत्तीसगढ़ के पूर्व पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन का निधन हो गया है। उन्होंने पटना में बीती रात अंतिम सांस ली। वे पिछले कुछ समय से हृदय संबंधी समस्या से जूझ रहे थे और उनका इलाज मेदांता अस्पताल पटना में चल रहा था। जानकारी के अनुसार, उनकी तबीयत पिछले महीने अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी में इलाज कर रही थी, लेकिन बीती रात उनका निधन हो गया।
वर्ष 1973 बैच के आईपीएस अधिकारी थे
विश्वरंजन वर्ष 1973 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। उन्हें वर्ष 2007 में छत्तीसगढ़ का छठा डीजीपी नियुक्त किया गया था। करीब चार साल तक उन्होंने इस पद की जिम्मेदारी संभाली और अपने कार्यकाल के दौरान पुलिस व्यवस्था में कई अहम सुधार किए। विशेष रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर उन्होंने जोर दिया। मध्य प्रदेश के विभाजन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर मिला था। वे लंबे समय तक इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में प्रतिनियुक्ति पर भी रहे और वहां अतिरिक्त निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं।
Comments (0)