टी-20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। टीम इंडिया की इस शानदार जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है और क्रिकेट प्रेमी खिलाड़ियों की जमकर सराहना कर रहे हैं। भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुशी जाहिर करते हुए टीम इंडिया को बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं।
सीएम विष्णुदेव साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “विश्व विजेता भारत हमारा! शाबाश टीम इंडिया! 140 करोड़ भारतीयों को आप पर गर्व है।”
उन्होंने कहा कि टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया के खिलाड़ियों ने एक बार फिर विश्व कप का खिताब जीतकर हर भारतीय को गौरवान्वित किया है। इस जीत के साथ भारत टी-20 वर्ल्ड कप तीन बार जीतने वाला पहला देश बन गया है।
सीएम साय ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर पूरी भारतीय टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि भारत का तिरंगा इसी तरह विश्व मंच पर शान से लहराता रहे और देश का गौरव निरंतर बढ़ता रहे। उन्होंने अंत में “जय हिंद, वंदे मातरम्” का संदेश भी दिया।
Comments (0)